एसएस राजामौली की 1,200 करोड़ी 'वाराणसी' दुनिया देखेगी, मेक्सिको में होगा फिल्म का भव्य आगाज
फिल्म प्रेमियों के लिए एक अच्छी खबर है। जाने-माने निर्देशक एसएस राजामौली की अगली बड़ी फिल्म 'वाराणसी' 24 अप्रैल, 2026 को CCXP मेक्सिको में दुनियाभर के सामने पहली बार पेश की जाएगी। इस फिल्म में महेश बाबू, प्रियंका चोपड़ा और पृथ्वीराज सुकुमारन मुख्य भूमिका में हैं। इसकी शुरुआत 'थंडर स्टेज' पर 'वाराणसी टू द वर्ल्ड' नाम के एक खास कार्यक्रम से होगी।
खास झलकियां और राजामौली का सेशन
इस कार्यक्रम के लिए खास तौर पर बनीं एक्सक्लूसिव झलकियां और पर्दे के पीछे के फुटेज दिखाए जाएंगे। राजामौली एक वीडियो मैसेज और लाइव सेशन के जरिए अपने प्रशंसकों से जुड़ेंगे। वो इस बड़े प्रोजेक्ट के बारे में कई अहम बातें बताएंगे। फिल्म की कहानी एक शिव भक्त की है, जो समय यात्रा करके एक शक्तिशाली ब्रह्मांडीय कलाकृति की तलाश में है। इस खोज में उसे कई पुराने राज और एक बड़े मास्टरमाइंड की छिपी हुई योजना का भी पता चलेगा। फिल्म का बजट लगभग 1,200 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। इसमें वाराणसी के घाटों और मंदिरों से प्रेरित बेहद शानदार सेट्स तैयार किए गए हैं। पूरी दुनिया में इस फिल्म की चर्चा अभी से शुरू हो गई है। 'वाराणसी' दुनियाभर के सिनेमाघरों में 7 अप्रैल, 2027 को रिलीज होगी।