Page Loader
ऑस्कर के लिए 'RRR' को आधिकारिक एंट्री न चुने जाने से निराश हुए थे राजामौली
'RRR' को लेकर दुनियाभर में छाए राजामौली

ऑस्कर के लिए 'RRR' को आधिकारिक एंट्री न चुने जाने से निराश हुए थे राजामौली

Jan 20, 2023
02:00 pm

क्या है खबर?

पिछले साल एसएस राजामौली की फिल्म 'RRR' का क्रेज देखते हुए लोगों को अनुमान था कि यह फिल्म भारत की ओर से ऑस्कर के लिए आधिकारिक दावेदार हो सकती है। सोशल मीडिया पर भी फिल्म को ऑस्कर के लिए भेजने की मांग हुई थी। हालांकि, उम्मीदों के उलट फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया (FFI) ने गुजराती फिल्म 'छेल्लो शो' (लास्ट फिल्म शो) को ऑस्कर के लिए भेजा। प्रशंसकों समेत राजामौली भी इससे निराश थे। अब उन्होंने इसपर अपनी बात कही है।

बयान

जो हो गया सो हो गया, उससे आगे बढ़ना चाहिए- राजामौली

जब 'RRR' को ऑस्कर के भारत की आधिकारिक प्रवृष्टि नहीं चुना गया था, तब राजामौली निराश हुए थे। द हॉलीवुड रिपोर्टर से बातचीत में उन्होंने कहा, "हां, हम निराश थे, लेकिन हम उन लोगों में नहीं है जो बैठकर चिंता करते रहें कि यह क्यों नहीं हुआ। जो हो गया सो हो गया और हमें उससे आगे बढ़ना चाहिए।" राजामौली के अनुसार, सभी को लगता था कि 'RRR' बेहतर दावेदार हो सकती है।

छेल्लो शो

छेल्लो शो के लिए खुश हैं राजामौली

'छेल्लो शो' के लिए राजामौली ने अपनी खुशी भी जताई। उन्होंने कहा, "मैं खुश हूं। वह भी एक भारतीय फिल्म है और उसे भी ऑस्कर के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है।" 'छेल्लो शो' गुजराती फिल्म है और इसका निर्देशन पान नलिन ने किया है। फिल्म का मुख्य किरदार एक बच्चा है, जो चाय बेचता है। इस बच्चे का सपना है कि वह एक दिन बड़े पर्दे पर फिल्म देखे। इसके लिए वह हर संभव कोशिश करता है।

FFI

FFI पर राजामौली ने नहीं की कोई टिप्पणी

FFI के बारे में राजामौली ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि उनकी फिल्म को क्यों नहीं चुना गया। उन्होंने कहा कि फेडरेशन की समिति के बारे में या उसकी गाइडलाइन्स के बारे में उन्हें नहीं पता, इसलिए वह इस बारे में कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते। उनका मानना है कि फिल्म की अमेरिका में भी फिल्म को काफी पसंद किया गया था। वहां भी सबको लगता था कि ऑस्कर के लिए 'RRR' बड़ी दावेदार थी।

RRR

दुनियाभर में छाई है 'RRR'

आधिकारिक प्रवृष्टि के रूप में चयन न होने पर राजामौली ने ऑस्कर में अपनी फिल्म के लिए खुद कैंपेन शुरु किया था। 'RRR' ने इस साल कई अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार जीते हैं। फिल्म के गाने 'नाटू-नाटू' के लिए एमएम कीरवानी को गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड मिला। क्रिटिक्स चॉइस अवॉर्ड में भी फिल्म ने बेस्ट म्यूजिक और बेस्ट फॉरेन लैंगवेज का अवॉर्ड जीता है। हालांकि, गुरुवार को आए BAFTA के नॉमिनेशन लिस्ट में फिल्म अपनी जगह नहीं बना पाई।