बॉक्स ऑफिस: 'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' का दबदबा बरकरार, लाखों में सिमटी 'ओह माय डॉग'
क्या है खबर?
टॉम हॉलैंड की 'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' वीकेंड पर धमाल मचाने के बाद कारोबारी दिनों में लौट आई है। अब तक 400 करोड़ रुपये से ज्यादा कारोबार कर चुकी इस फिल्म का दबदबा दूसरे हफ्ते में भी लगातार जारी है, वहीं पंकज त्रिपाठी की हालिया रिलीज फिल्म 'ओह माय डॉग' का पहले दिन से हाल बुरा है और कारोबारी दिनों में आकर तो इसकी कमाई लाखों में सिमटकर रह गई है। आइए दोनों फिल्मों के कारोबार पर डालते हैं नजर।
कारोबार
'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' की दैनिक कमाई का हाल
सैकनिल्क के मुताबिक, 'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' ने 12वें दिन 7.60 करोड़ रुपये का कारोबार किया।
इसने 10वें दिन (रविवार) 34.70 करोड़ रुपये कमाए थे और कारोबारी दिनों में लौटकर आंकड़ों में गिरावट आई है।
इसके बावजूद फिल्म भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 423.05 करोड़ का कारोबार कर चुकी है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन 505.93 करोड़ रुपये हो चुका है।
इसने जेम्स कैमरून की फिल्म 'अवतार: द वे ऑफ वॉटर' के लाइफटाइम कलेक्शन (भारत में 477.50 करोड़) को पीछे छोड़ दिया है।
गिरावट
'ओह माय डॉग' की कमाई में गिरावट जारी
अमित राय द्वारा निर्देशित फिल्म 'ओह माय डॉग' को दर्शकों और समीक्षकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली, लेकिन कमाई के मामले में इसका हाल बेहाल है।
सैकनिल्क के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज के चौथे दिन (साेमवार) महज 25 लाख रुपये की कमाई की है, वहीं तीसरे दिन इसने 1.25 करोड़, दूसरे दिन 1.10 करोड़ और पहले दिन 90 लाख रुपये का कारोबार किया था। इन आंकड़ों के साथ फिल्म 4 दिनों में कुल 3.50 करोड़ रुपये का कारोबार कर सकी है।