'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' रिलीज होते ही लीक, डिलीट होने से पहले लाखों लोगों ने देखी
क्या है खबर?
मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स की फिल्म 'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' दुनियाभर में धूम मचा रही है और इस वीकेंड सिनेमाघरों में दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि, इस बीच मार्वल स्टूडियोज और फिल्म निर्माताओं को एक बड़ा झटका लगा है। फिल्म के सिनेमाघरों में दस्तक देते ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी चोरी-छिपे रिकॉर्ड की गई HD क्वालिटी वाली फर्जी कॉपी लीक हो गई है।
पायरेसी
हटने से पहले 59 लाख लोगों ने देखा लीक वीडियो
फ्रेडरिक ब्रायन नाम के यूजर ने इस लीक वीडियो को पोस्ट किया था। दोपहर में हटने से पहले ही इसे 59 लाख से अधिक लोग देख चुके थे।
इसके अलावा 1 लाख 43 हजार से ज्यादा लोगों ने इसे लाइक किया और 10 हजार से अधिक यूजर्स ने रीशेयर भी किया।
एक्स के कई अन्य अकाउंट्स से भी फिल्म की कॉपियां शेयर की गईं। हालांकि, प्लेटफॉर्म ने ज्यादातर वीडियो को तुरंत ही हटा दिया था।
लीके
क्रिस्टोफर नोलन की 'द ओडिसी' भी हुई थी लीक
अक्सर स्टूडियो ऐसे लोगों को नोटिस भेजते हैं, जो बिना अनुमति के फिल्में पोस्ट करते हैं, लेकिन जब कोई बहुत लोकप्रिय फिल्म लीक होती है तो उसके इतने सारे पोस्ट आ जाते हैं कि उन सभी को रोक पाना बेहद मुश्किल हो जाता है।
वैसे, 'ब्रांड न्यू डे' इंटरनेट पर लीक होने वाली पहली बड़ी बजट फिल्म नहीं है।
पिछले हफ्ते ही क्रिस्टोफर नोलन की बड़ी फिल्म 'द ओडिसी' की भी HD कॉपी एक्स पर लीक हो गई थी।
कार्रवाई
ढाई घंटे में 21 लाख व्यूज, अकाउंट हुआ सस्पेंड
'द ओडिसी' की लीक कॉपी को हटने से पहले ही महज ढाई घंटे में इसे 21 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका था। नोटिस जारी होने के बाद वीडियो हटा दिया गया और उस अकाउंट को भी सस्पेंड कर दिया गया।
फिल्म लीक होने पर यूनिवर्सल स्टूडियो ने कहा था, "फिल्म की गैर-कानूनी पोस्टिंग का पता चलते ही हमने इसे हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी थी। हम अपने कंटेंट की सुरक्षा के लिए हर जरूरी कानूनी कदम उठाएंगे।"
धमाका
बॉक्स ऑफिस पर 'स्पाइडर-मैन' का महा-तूफान
उधर लीक के बावजूद 'स्पाइडर मैन: ब्रांड न्यू डे' बॉक्स ऑफिस पर ताबड़तोड़ कमाई कर रही है। फिल्म ने प्रीव्यू में रिकॉर्डतोड़ 600 करोड़ रुपये की कमाई की, जो हॉलीवुड के सिनेमाई इतिहास में सबसे ज्यादा है।
इसने 'एवेंजर्स: एंडगेम' (500 करोड़ रुपये) का भी रिकॉर्ड तोड़ दिया।
टॉम हॉलैंड अभिनीत इस फिल्म में जैंडेया ने 'एमजे' के रूप में वापसी की है, जबकि सेडी सिंक, जॉन बर्नथल और जैकब बातालोन भी अहम भूमिकाओं में हैं।