साइबर सुरक्षा परीक्षण में एंथ्रोपिक के क्लाउड AI ने हैक किए कुछ सिस्टम
क्या है खबर?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी एंथ्रोपिक ने बताया है कि उसके क्लाउड AI मॉडल ने साइबर सुरक्षा परीक्षण के दौरान कुछ कंपनियों के सिस्टम को हैक कर लिया था। कंपनी के अनुसार, यह घटना सिस्टम की गलत सेटिंग की वजह से हुई, जिससे AI मॉडल को इंटरनेट का एक्सेस मिल गया। इसके बाद मॉडल परीक्षण के दौरान दूसरे सिस्टम तक पहुंच गया। एंथ्रोपिक ने कहा कि इस मामले की जानकारी संबंधित कंपनियों को दे दी गई है।
वजह
गलत सेटिंग बनी पूरे मामले की वजह
एंथ्रोपिक ने बताया कि उसने 1.40 लाख से भी ज्यादा साइबर सुरक्षा परीक्षणों की समीक्षा की है।
जांच में पता चला कि सिस्टम की गलत कॉन्फिगरेशन के कारण क्लाउड AI को इंटरनेट का एक्सेस मिल गया था। इसके बाद मॉडल ने परीक्षण के दौरान तीन दूसरे सिस्टम तक पहुंच बनाई।
कंपनी का कहना है कि शुरुआती घटनाएं अप्रैल में हुई थीं और अब इस तकनीकी कमी को दूर करने के लिए तेजी से जरूरी सुधार किए जा रहे हैं।
अपील
दूसरी AI कंपनियों से भी की अपील
एंथ्रोपिक ने दूसरी AI कंपनियों से अपने मॉडल की सुरक्षा जांच करने की अपील की है।
कंपनी का कहना है कि इस तरह के परीक्षण संभावित खतरों का समय रहते पता लगाने में मदद करते हैं। साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, AI ने कोई नई हैकिंग तकनीक नहीं बनाई, बल्कि उसे मिले इंटरनेट एक्सेस और संसाधनों का इस्तेमाल किया।
इसलिए मजबूत सुरक्षा व्यवस्था और लगातार निगरानी बेहद जरूरी मानी जा रही है।
चिंता
OpenAI की घटना के बाद बढ़ी चिंता
यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब कुछ दिन पहले OpenAI ने भी अपने AI सिस्टम से जुड़ी हैकिंग जैसी घटना की जानकारी दी थी।
इन घटनाओं के बाद AI सुरक्षा को लेकर दुनियाभर में चिंता बढ़ गई है।
विशेषज्ञों का मानना है कि जैसे-जैसे AI सिस्टम अधिक सक्षम बनेंगे, वैसे-वैसे उनकी निगरानी, परीक्षण और सुरक्षा के लिए कड़े नियम तथा बेहतर तकनीकी इंतजाम करना भी पहले से ज्यादा जरूरी होगा।