सोनी पिक्चर्स ने किया चौंकाने वाला फैसला, 'स्पाइडर-मैन' का भारतीय प्रचार करेगा ये अभिनेता
सोनी पिक्चर्स ने अपनी आने वाली फिल्म 'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' के भारतीय प्रचार अभियान का नेतृत्व करने के लिए कन्नड़ अभिनेता ऋषभ शेट्टी को चुना है।
यह पहला मौका है जब किसी भारतीय अभिनेता ने 'स्पाइडर-मैन' जैसी बड़ी फिल्म के प्रचार की कमान संभाली है।
एक भावुक वीडियो में, ऋषभ ने फिल्म 'नो वे होम' में पीटर पार्कर के संघर्षों और बलिदानों का जिक्र किया है। इसमें उन्होंने अकेलेपन, त्याग और जिम्मेदारी जैसे विषयों पर खास जोर दिया है।
'ब्रांड न्यू डे' 30 जुलाई को हो रही है रिलीज
इस फिल्म की कहानी वहीं से आगे बढ़ती है जहां 'नो वे होम' खत्म हुई थी। इसमें टॉम हॉलैंड का पीटर पार्कर न्यूयॉर्क में सामान्य जीवन बिताने की कोशिश करता है, लेकिन साथ ही दुनिया को बचाने का अपना काम भी जारी रखता है।
यह फिल्म 30 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसे अंग्रेजी के अलावा 5 भारतीय भाषाओं हिंदी, कन्नड़, तमिल, तेलुगू और मलयालम में भी पेश किया जाएगा, जिससे क्षेत्रीय दर्शकों से बेहतर तरीके से जुड़ा जा सके।
भारत में इस फिल्म को लेकर जबरदस्त माहौल बना हुआ है और एडवांस बुकिंग भी काफी उत्साहजनक दिख रही है। ऐसे में ऋषभ के साथ इस साझेदारी से फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर अच्छा फायदा मिलने की उम्मीद है।