पंजाब चुनाव से पहले राजनीति में शामिल नहीं होंगे सोनू, बहन मालविका लड़ेंगी चुनाव
क्या है खबर?
कोरोना महामारी के दौरान अभिनेता सोनू सूद को लोगों की मदद करते हुए देखा गया है।
पिछल कुछ समय से कयास लगाए जा रहे थे कि पंजाब में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सोनू किसी राजनीतिक पार्टी का दामन थाम सकते हैं।
आज उन्होंने ऐलान कर दिया है कि पंजाब बिधानसभा चुनाव से पहले वह किसी पार्टी में शामिल नहीं होंगे। हालांकि, उनकी बहन मालविका सूद पंजाब विधानसभा का चुनाव लड़ेंगी।
जानकारी
सोनू ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके दी जानकारी
सोनू ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडिया को बताया कि पंजाब बिधानसभा चुनाव से पहले वह किसी भी पार्टी में शामिल नहीं होंगे।
उनकी बहन मालविका पंजाब का विधानसभा चुनाव लड़ेंगी और इसके जरिए राजनीति में प्रवेश करेंगी। हालांकि, मालविका किस पार्टी से चुनाव लड़ेंगी, इस बात को स्पष्ट नहीं किया गया है। इस पर अभी संशय बरकरार है।
पार्टी को लेकर अभी किसी प्रकार का अंतिम फैसला नहीं लिया गया है।
सूचना
शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में काम करने को इच्छुक सोनू
सोनू ने दावा किया कि उनके परिवार की रुचि शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में काम करने की है। उन्होंने कहा कि वह पंजाब के लोगों की सेवा करना चाहते हैं।
उन्होंने बताया कि वह ऐसे प्लेटफॉर्म से जुड़ना पसंद करेंगे, जहां काम करने की आजादी हो।
सोनू ने कहा, "मैं किसी ऐसे मंच से जुड़ूंगा जहां पैर खींचने का काम नहीं होता और काम करने की स्वतंत्रता मिलती है। वह मंच राजनीतिक और गैर-राजनीतिक दोनों हो सकता है।"
बयान
मालविका के पार्टी में शामिल होने के सवाल पर सोनू ने क्या कहा?
जब पूछा गया कि मालविका किस पार्टी में शामिल होंगी तो उन्होंने कहा, "पार्टी महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि पॉलिसी महत्वपूर्ण है। मेरी बहन लोगों और समाज की सेवा करेंगी।"
हालांकि, उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस दोनों अच्छी पार्टियां हैं। अभिनेता ने इससे पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की थी। तभी से सोनू के राजनीति में एंट्री की खबरें आने लगी थीं।
पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी से भी उन्होंने मुलाकात की थी।
जानकारी
पंजाब के मोगा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगी मालविका- रिपोर्ट
सोनू ने लोगों से बहन मालविका का समर्थन करने की अपील की है। मालविका पंजाब के मोगा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ सकती हैं।
कुछ समय पहले सोनू ने राजनीति में आने की खबरों का खंडन किया था। उन्होंने कहा था, "मुझे राजनीति में आने के लिए कहा जाता है, लेकिन यह किसी अच्छे काम के लिए जरूरी नहीं है।"
ऐसी भी चर्चा चली थी कि कांग्रेस सोनू को मुंबई का मेयर पद के लिए चुनाव में उतारने वाली थी।
वर्कफ्रंट
इन फिल्मों में नजर आएंगे सोनू
सोनू के वर्कफ्रंट की बात करें तो उन्हें अक्षय कुमार की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'पृथ्वीराज' में देखा जा सकता है। फिल्म का निर्देशन चंद्रप्रकाश द्विवेदी ने किया है।
इस फिल्म मे सोनू को दरबारी कवि की भूमिका में देखा जाएगा। वह मार्च में रिलीज हुई जॉन अब्राहम की फिल्म 'मुंबई सागा' में भी नजर आए हैं।
इसके अलावा उन्हें निर्देशक ई निवास की आगामी फिल्म 'किसान' में अभिनय करते हुए देखा जा सकता है।