
सोनू निगम ने कन्नड़ विवाद के बीच जारी किया बयान, लिखा- आपके फैसले को स्वीकार करूंगा
क्या है खबर?
भारतीय सिनेमा के जाने-माने गायक सोनू निगम इन दिनों विवादों से घिरे हुए हैं। दरअसल, उन्होंने हाल ही में एक कॉन्सर्ट में प्रशंसक की कन्नड़ गाने की मांग को पहलगाम की आतंकी घटना से जोड़ दिया था, जिसके बाद बवाल खड़ा हो गया।
बेंगलुरु में निगम के खिलाफ जगह-जगह विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं, वहीं बेंगलुरु जिला पुलिस ने भी उनको नोटिस दिया है।
अब निगम ने सोशल मीडिया पर एक बयान जारी किया है। आइए जानें उन्होंने क्या लिखा।
बयान
निगन ने लिखा लंबा-चौड़ा नोट
निगम ने लिखा, 'नमस्कार, मैंने इस भाषा, इसकी संस्कृति, इसके संगीत, संगीतकारों, इस राज्य और इसके लोगों को केवल कर्नाटक में ही नहीं, बल्कि दुनियाभर में प्यार दिया है। मैंने अन्य भाषाओं के अपने गानों की तुलना में कन्नड़ गानों को अधिक सम्मान दिया है। सोशल मीडिया पर इसके प्रमाण के रूप में सैकड़ों वीडियो प्रसारित हो रहे हैं। जब भी मैं कर्नाटक में कार्यक्रम करता हूं, मैं हर बार एक घंटे से अधिक कन्नड़ गीतों की तैयारी करता हूं।'
पोस्ट
'मैं कोई युवा नहीं हूं, जो किसी से अपमान सहूं'
निगम ने आगे लिखा, 'मैं कोई युवा नहीं हूं, जो किसी से अपमान सहूं। मैं 51 साल का हूं और अपने जीवन के दूसरे पड़ाव में हूं।'
उन्होंने आगे लिखा, 'मुझे यह अधिकार है कि अगर कोई मेरे बेटे जितनी उम्र का व्यक्ति हजारों लोगों के सामने मुझे धमकाए, तो मुझे बुरा लग सकता है और वह भी भाषा के नाम पर, वो भी कन्नड़ भाषा जो मेरे काम के लिहाज से मेरी दूसरी भाषा है।'
गुस्सा
आप बताइए किसकी गलती है- निगम
निगम ने गुस्सा जाहिर किया और लिखा, 'मैंने कार्यक्रम का पहला ही गीत गाया था। तभी उसने कुछ और लोगों को भी भड़काया। लोग उसे चुप कराने की कोशिश कर रहे थे। मैंने बहुत प्यार और विनम्रता से उन्हें कहा कि शो की अभी शुरुआत हुई है, ये मेरा पहला गाना है और मैं निराश नहीं करूंगी।'
उन्होंने आगे लिखा, 'वे जबरदस्ती हंगामा कर रहे थे और मुझे धमका रहे थे। आप ही बताइए, इसमें गलती किसकी है?'
प्यार
मुझे भाषा और धर्म के नाम पर नफरत करने वालों से चिढ़- निगम
निगम ने बताया कि वह सच्चे देशभक्त हैं और भाषा, जाति और धर्म के नाम पर नफरत करने वालों से चिढ़ते हैं।
उन्होंने लिखा, 'अब मैं कर्नाटक के समझदार लोगों पर छोड़ता हूँ कि वे तय करें कि गलती किसकी है। मैं आपके फैसले को पूरी गरिमा और आदर के साथ स्वीकार करूंगा। मैं कर्नाटक की कानून व्यवस्था और पुलिस पर पूरा विश्वास और सम्मान रखता हूं।'
इसके साथ निगम ने अपने कन्नड़ प्रशंसकों का आभार जताया।