सोनू निगम ने मुंबई में बेचा अपना आलीशान ऑफिस, जानिए कितने करोड़ का मुनाफा हुआ
मशहूर गायक सोनू निगम ने मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) स्थित अपना 3,082 वर्ग फुट का ऑफिस 18 करोड़ रुपये में बेच दिया है।
ये प्रॉपर्टी बांद्रा ईस्ट में MTNL बिल्डिंग के ठीक सामने 'ट्रेड सेंटर' की ग्राउंड फ्लोर पर स्थित है। दस्तावेज के मुताबिक, ये प्रॉपर्टी डील 4 सितंबर, 2026 को पंजीकृत हुई है, जिसे 'SAA एस्टेट्स LLP' नाम की कंपनी ने खरीदा है।
सोनू निगम ने कब खरीदा था ये ऑफिस?
सोनू निगम ने ये ऑफिस नवंबर, 2023 में 14.30 करोड़ रुपये में खरीदा था। इस तरह महज 3 साल से भी कम समय में उन्हें इस प्रॉपर्टी से करीब 3.7 करोड़ रुपये का शानदार मुनाफा मिला है।
ये सौदा लगभग 58,404 रुपये प्रति वर्ग फुट की दर से तय हुआ है, जिसमें 2 गाड़ियों की पार्किंग जगह भी शामिल है। मुंबई के प्रमुख बिजनेस हब BKC में बड़ी कॉर्पोरेट और वित्तीय कंपनियों की मौजूदगी के कारण कमर्शियल प्रॉपर्टीज की मांग और कीमतें हमेशा नई ऊंचाइयों पर रहती हैं।