'अलायंस' से सोहेल खान का रिएलिटी टीवी पर डेब्यू, बोले- चालाकी नहीं आती, पहले हफ्ते ही हो जाऊंगा बाहर
मशहूर अभिनेता-निर्माता सोहेल खान प्राइम वीडियो के नए शो 'अलायंस' के साथ रियलिटी टीवी की दुनिया में अपना डेब्यू करने जा रहे हैं। इस दिलचस्प शो को अभिनेता कुणाल खेमू होस्ट कर रहे हैं, जिसके नए एपिसोड रोजाना दोपहर 12 बजे स्ट्रीम किए जाएंगे। इस शो को लेकर सोहेल अपनी बेबाकी की वजह से थोड़े घबराए हुए भी हैं। उन्होंने खुलकर अपनी चिंता जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें झूठ बोलना, चालाकी करना या दूसरों को अपने हिसाब से घुमाना बिल्कुल नहीं आता, इसलिए उन्हें डर है कि वो पहले ही हफ्ते में शो से बाहर हो सकते हैं।
मुकाबला नहीं, असली इंसानी रिश्तों का खेल है 'अलायंस'
सोहेल मानते हैं कि 'अलायंस' सिर्फ चुनौतियां जीतने का नहीं, बल्कि लोगों, भरोसे और बदलती परिस्थितियों के हिसाब से खुद को ढालने का खेल है। उन्हें ये देखने का बेसब्री से इंतजार है कि इस खेल में, जहां रिश्ते पल-पल बदलते हैं, वो अपनी सच्चाई पर टिके रहकर कितनी दूर तक पहुंच पाते हैं। ये शो रियलिटी TV में एक नयापन लाता है, जहां सिर्फ मुकाबले के ड्रामे की बजाय असली इंसानी रिश्तों पर जोर दिया गया है।