'मिर्जापुर सीजन 4' पर लगी मोहर, निर्देशक गुरमीत सिंह ने दिया बड़ा अपडेट
'मिर्जापुर' के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी है। शो का चौथा सीजन आ रहा है। निर्देशक गुरमीत सिंह ने पुष्टि की है कि 'मिर्जापुर 4' की स्क्रिप्ट पर काम शुरू हो चुका है। हालांकि, निर्माताओं का पूरा ध्यान फिलहाल 'मिर्जापुर' की आने वाली फिल्म को पूरा करने पर है।
फिल्म की रिलीज तारीख अभी तय नहीं की गई है, क्योंकि इतने बड़े कलाकारों की तारीखें एक साथ मिलाना एक बड़ी चुनौती है। यही वजह है कि निर्माता सबसे पहले इस फिल्म को दर्शकों तक पहुंचाने पर जोर दे रहे हैं।
सीरीज की कहानी को आगे बढ़ाएगी 'मिर्जापुर' फिल्म
ये फिल्म सीरीज के पहले सीजन से शुरू हुई कहानी को ही आगे बढ़ाएगी। इसमें पंकज त्रिपाठी, अली फ़ज़ल, दिव्येंदु, श्वेता त्रिपाठी और रसिका दुग्गल जैसे पसंदीदा कलाकार एक बार फिर नजर आएंगे। इनके अलावा, रवि किशन और जितेंद्र कुमार जैसे कुछ नए सितारे भी फिल्म का हिस्सा होंगे।
फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह ही कर रहे हैं, जबकि इसका निर्माण एक्सेल एंटरटेनमेंट (रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर) के बैनर तले हो रहा है। ज्यादा से ज्यादा दर्शकों तक पहुंचने के लिए ये फिल्म हिंदी के साथ-साथ तेलुगू भाषा में भी रिलीज की जाएगी।