'तन्हा दिल' का नया संस्करण 27 अक्टूबर को रिलीज करेंगे गायक शान
क्या है खबर?
दिग्गज गायक शान को भला कौन नहीं जानता। उन्होंने अपनी मखमली आवाज से लाखों प्रशंसकों के दिलों में जगह बनाई है।
अब जानकारी सामने आ रही है कि वह अपना सुपरहिट गाना 'तन्हा दिल' का नया संस्करण लेकर आ रहे हैं। 'तन्हा दिल' का नया संस्करण इस महीने 27 अक्टूबर को रिलीज होगा।
इस गाने को दर्शकों ने खूब प्यार दिया था। कहा जा रहा है कि इसका नया संस्करण मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर केंद्रित होगा।
जानकारी
2000 में रिलीज हुआ था यह गाना
शान का 'तन्हा दिल' पहली बार 2000 में रिलीज किया गया था। रिलीज होने के साथ इस गाने ने धमाल मचा दिया था।
शान ने कहा कि वह काफी समय से इस लोकप्रिय गाने का नया संस्करण बनाने के बारे में विचार कर रहे थे।
समाचार एजेंसी PTI से बातचीत करते हुए उन्होंने यह जानकारी अपने प्रशंसकों को दी है। फार्मा ब्रांड ल्यूपिन के सौजन्य से इस गाने के नए संस्करण को प्रस्तुत किया जाना है।
बयान
शान ने अपने बयान में क्या कहा?
शान का मानना है कि यही सही समय है, जब इस गाने का नया संस्करण रिलीज किया जाए।
उन्होंने अपने बयान में कहा, "संयोग से यह पहले ट्रैक के 20 साल बाद फिर रिलीज हो रहा है। हमने एक नाजुक विषय पर संवेदनशील तरीके से अपना संदेश कहने की कोशिश की है। मुझे उम्मीद है कि लोग गाने का आनंद लेने के अलावा इस संदेश को भी आत्मसात करेंगे। मानसिक स्वास्थ्य एक कठिन एवं संवेदनशील विषय है।"
जानकारी
राम संपत ने 'तन्हा दिल' को किया था कंपोज
शान ने उम्मीद जतायी की गाने का नया संस्करण श्रोताओं के चेहरे पर मुस्कान लाएगा। उन्होंने कहा, "किसी को मौन में संघर्ष न करने दें, आइए हम उन्हें SayYesToLife के लिए प्रेरित करें।" इस गाने को राम संपत ने कंपोज किया था।
करियर
शान का दिलचस्प रहा करियर
शान का जन्म 30 सितंबर, 1972 को हुआ था। उन्हें संगीत विरासत में मिला है। उनके दादाजी जाहर मुखर्जी एक संगीतकार और पिता मानस मुखर्जी एक म्यूजिक डायरेक्टर थे।
उन्होंने 'सांवरिया', 'थ्री इडियट्स', 'कोई मिल गया', 'मुन्ना भाई एमबीबीएस', 'फना' ,'कभी अलविदा न कहना', 'ओम शांति ओम' और 'सलाम-नमस्ते' जैसी फिल्मों में काम किया है।
इसके अलावा उन्होंने रियलिटी शोज में जज की भूमिका भी निभाई है। उन्होंने 'वो पहली बार', 'चांद सिफारिश', 'ओम शांति ओम' जैसे गाने गाए हैं।