आलिया भट्ट की 'राजी' से 'मिशन मजनू' की तुलना पर बोले सिद्धार्थ मल्होत्रा
क्या है खबर?
सिद्धार्थ मल्होत्रा की फिल्म 'मिशन मजनू' शुक्रवार को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई है। फिल्म में सिद्धार्थ एक भारतीय जासूस की भूमिका में हैं, जो पाकिस्तान से खुफिया जानकारी भारत को देता है।
फिल्म को अब तक क्रिटिक्स की मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली है।
फिल्म देखकर कई दर्शकों को मेघना गुलजार की फिल्म 'राजी' की याद आ गई। फिल्म में आलिया भट्ट ने इसी तरह के जासूस का किरदार निभाया था।
सिद्धार्थ ने इस तुलना पर अपनी राय रखी है।
बयान
इसमें कोई बुराई नहीं है- सिद्धार्थ
फिल्म कंपैनियन से बातचीत में सिद्धार्थ मल्होत्रा ने कहा कि इसमें कोई बुराई या चौंकाने वाली बात नहीं है।
सिद्धार्थ ने कहा, "अगर कोई फिल्म के लिए संदर्भ बिंदु ढूंढता है तो इसमें कोई बुराई नहीं है। राजी अच्छी फिल्म है। अगर दोनों फिल्मों की तुलना होती है तो चौंकने वाली बात नहीं है। ट्रेलर देखकर फिल्म की बाहरी परिधी एक समान लग सकती है।"
दोनों फिल्मों में ये जासूस अपने कर्तव्य और प्यार के बीच में जूझते दिखे हैं।
मिशन मजनू
ऐसी है 'मिशन मजनू' की कहानी
1971 में भारत-पाकिस्तान युद्ध में करारी हार के बाद पाकिस्तान अवैध तरीके से परमाणु बम बनाने में जुट गया था। उसके इस मिशन को वहां मौजूद भारतीय जासूसों की होशियारी और बहादुरी ने दुनिया के सामने उजागर कर दिया था।
निर्देशक शांतनु बागची की 'मिशन मजनू' ऐसे ही एक जासूस की कहानी को दिखाती है।
यह देशभक्ति पर आधारित फिल्म है।
फिल्म में रश्मिका मंदाना सिद्धार्थ के ऑपोजिट नजर आई हैं। इसमें उन्होंने एक दृष्टिबाधित लड़की का किरदार निभाया है।
राजी
'राजी' में आलिया भट्ट ने निभाई थी जासूस की भूमिका
मेघना गुलजार की फिल्म 'राजी' 2018 में आई थी। फिल्म में आलिया भट्ट और विक्की कौशल मुख्य भूमिका में थे।
फिल्म एक आम भारतीय लड़की सहमत की कहानी है, जिसे उसके पिता जासूसी के लिए पाकिस्तान भेजने का फैसला करते हैं। इसके लिए उसकी एक पाकिस्तानी सैन्य अफसर से शादी करा दी जाती है।
यह फिल्म हरिंदर सिक्का की किताब 'कॉलिंग सहमत' पर आधारित थी और इसे आप अमेजन प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं।
आगामी फिल्में
ये हैं आलिया और सिद्धार्थ की आने वाली फिल्में
'मिशन मजनू' के अलावा सिद्धार्थ रोहित शेट्टी की वेब सीरीज 'इंडियन पुलिस फोर्स' का हिस्सा हैं। इस सीरीज के जरिए रोहित अपनी कॉप यूनिवर्स को OTT पर ला रहे हैं। इस सीरीज में शिल्पा शेट्टी और विवेक ओबेरॉय भी नजर आएंगे।
आलिया भट्ट की फिल्म 'रॉकी और रानी की प्रेमकहानी' 28 अप्रैल को रिलीज होगी। करण जौहर की इस फिल्म में आलिया के साथ रणवीर सिंह नजर आएंगे।
आलिया की पहली हॉलीवुड फिल्म 'हार्ट ऑफ स्टोन' अगस्त में रिलीज होगी।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस
एक समय सिद्धार्थ और आलिया बॉलीवुड के चर्चित कपल थे। दोनों ने 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' से अपना डेब्यू किया था। इसके बाद दोनों 'कपूर एंड सन्स' में साथ नजर आए। दोनों के ब्रेकअप ने प्रशंसकों को भी मायूस किया था।