श्वेता त्रिपाठी की थिएटर में धमाकेदार वापसी, पति संग आएंगी नजर
श्वेता त्रिपाठी लंबे समय बाद थिएटर की दुनिया में वापसी कर रही हैं। इस बार वह 'एक्सटर्नल अफेयर्स' नामक नाटक में काम करेंगी, जिसका निर्देशन आधार खुराना कर रहे हैं।
इसमें वह अपने पति चेतन शर्मा (जो चीता के नाम से भी जाने जाते हैं) के साथ मंच साझा करेंगी। श्वेता वापसी को लेकर बहुत उत्साहित हैं।
उन्होंने कहा, 'थिएटर में सबसे अच्छी बात यही है कि हर शो और हर दर्शक बिल्कुल अलग होता है। मैं इस सफर का हिस्सा बनने का बेसब्री से इंतजार कर रही हूं।'
श्वेता 'एक्सटर्नल अफेयर्स' में निभा रही हैं इन्फ्लुएंसर की भूमिका
थिएटर हमेशा से श्वेता के दिल के बेहद करीब रहा है। दरअसल, यहीं से उनके अभिनय करियर की शुरुआत हुई थी और यहीं उनकी मुलाकात चेतन से भी हुई थी। काफी समय से भले ही उन्होंने किसी नाटक में काम नहीं किया, लेकिन नाटकों को निर्माण करके वह इस दुनिया से जुड़ी रहीं।
अब 'एक्सटर्नल अफेयर्स' में उन्होंने एक नई चुनौती स्वीकार की है। इसमें वह एक सेमी-फेमस इन्फ्लुएंसर का किरदार निभा रही हैं। श्वेता का कहना है कि यह किरदार उनके असली व्यक्तित्व से बिल्कुल अलग है और उन्होंने पहले कभी ऐसा किरदार नहीं निभाया है। उनके लिए यह अपने अंदर कुछ नया तलाशने का एक बढ़िया अवसर है।