श्वेता त्रिपाठी की मां बनने के फैसले पर दोटूक, बोलीं- बच्चे ना करना भी सही
'मिर्जापुर' से मशहूर हुईं अभिनेत्री श्वेता त्रिपाठी ने हाल ही में सोहा अली खान के पॉडकास्ट 'ऑल अबाउट हर' में अपनी निजी जिंदगी को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने अपनी प्रजनन क्षमता की जांच कराई तो उन्हें पता चला कि उनका AMH लेवल काफी कम है। ये जानकर वो काफी दुखी हुईं। श्वेता ने कहा कि वो इस बात से परेशान थीं कि मां बनने का फैसला उनका अपना होना चाहिए था। वह नहीं चाहती थीं कि कोई उन्हें यह बताए कि वह मां बन सकती हैं या नहीं।
श्वेता ने बताया कि वो पहले बच्चे चाहती थीं, लेकिन समय के साथ मां बनने को लेकर उनकी सोच बदल गई।
बच्चे न करने का फैसला भी सही, श्वेता ने बताई अपनी सोच
श्वेता ने ये भी कहा कि मां बनने के बाद महिलाओं पर बच्चे की देखभाल के साथ घर की जिम्मेदारी भी आ जाती है। कई बार उन्हें अपने पार्टनर की जिम्मेदारी भी उठानी पड़ती है। श्वेता के मुताबिक, अगर कोई महिला अपनी मर्जी से बच्चे नहीं करना चाहती तो उसका यह फैसला भी उतना ही सही है, जितना मां बनने का फैसला। महिलाओं को अपने करियर, निजी जिंदगी और पसंद के हिसाब से फैसला लेने की आजादी होनी चाहिए।