श्रुति हासन पिता कमल हासन के लिए उठाएंगी बड़ी जिम्मेदारी, अभिनय नहीं; करेंगी ये काम
क्या है खबर?
अभिनेत्री श्रुति हासन को आखिरी बार फिल्म 'कुली' (2025) में देखा गया था। खबर है कि वह अपने पिता और दिग्गज अभिनेता कमल हासन के लिए एक बड़ी जिम्मेदारी उठाने वाली हैं। दरअसल, अटकलें हैं कि अभिनेता पहली बार किसी हॉलीवुड फिल्म में मुख्य किरदार निभाने की तैयारी कर रहे हैं। उनकी इस परियोजना की पटकथा लिखने की जिम्मेदारी श्रुति उठा रही हैं। वह परियोजना को मंजूरी दिलाने के लिए सक्रिय रूप से कोशिश कर रही हैं।
परियोजना
कमल हासन की नई परियोजना से जुड़ने की अटकलें
इंडिया टुडे के मुताबिक, ऐसी खबरें आई थीं कि कमल की अमेरिका यात्रा का संबंध स्टंट निर्देशक जोड़ी 'अंबरीव' के साथ प्रस्तावित फिल्म 'केएच 237' से था। अफवाहों के नए दौर से पता चलता है कि यह यात्रा श्रुति की कथित परियोजना से जुड़ी हो सकती है। मतलब यह कि अभिनेत्री अपने पिता की अंतरराष्ट्रीय फिल्म में पटकथा लेखन के तौर पर शामिल हाे सकती हैं। हालांकि, परियोजना की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।
फिल्म
कमल हासन की आगामी फिल्में
अभिनेता इन दिनाें कई बड़ी परियोजनाओं में व्यस्त चल रहे हैं। एक तरफ उन्हें सुपरस्टार रजनीकांत की बिना नाम वाली फिल्म 'KH x RK' में देखा जाएगा, जिसका निर्देशन नेल्सन दिलीपकुमार कर रहे हैं। वह रजनीकांत की एक और फिल्म 'थलाइवर 173' में बतौर निर्माता जुड़े हैं। इसके अलावा, कमल को प्रभास अभिनीत फिल्म 'कल्कि 2898 AD' के सीक्वल में देखा जाएगा। खबर है कि इसमें बतौर अभिनेत्री साई पल्लवी को शामिल किया जा सकता है।