Page Loader
माता-पिता की शादी टूटने से खुश हो गई थीं श्रुति हासन, बताई वजह

माता-पिता की शादी टूटने से खुश हो गई थीं श्रुति हासन, बताई वजह

May 26, 2021
07:15 am

क्या है खबर?

बॉलीवुड और टॉलीवुड में काम कर चुकीं अभिनेत्री श्रुति हासन अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी खूब सुर्खियों में रहती हैं। हाल ही में उन्होंने अपने माता-पिता के तलाक पर बात की। कमल हासन और सारिका ने लगभग 16 सालों तक एक साथ रहने के बाद अलग होने का फैसला किया था। श्रुति ने एक इंटरव्यू में बताया कि वह अपने माता-पिता के अलगाव से खुश थीं। उनकी खुशी के पीछे क्या कारण था, आइए जानते हैं।

जानकारी

दोनों साथ रहकर उतने अच्छे नहीं थे- श्रुति

श्रुति ने जूम से बातचीत में कहा, "अपने माता-पिता तलाक के फैसले से मैं बहुत उत्साहित और खुश हो गई थी। दो लोगों की अगर बनती नहीं है तो उन्हें जबरदस्ती साथ नहीं रहना चाहिए।" उन्होंने कहा, "वे दोनों बहुत अच्छे और शानदार इंसान हैं, लेकिन एक साथ वो ऐसे नहीं थे। वे निजी तौर पर बहुत अच्छे हैं। उनका साथ रहना उनकी इस अच्छाई को खत्म कर रहा था। जब वे अलग हुए, तो मुझे बहुत खुशी हुई।"

अलगाव

2004 में अलग हो गए थे कमल और सारिका के रास्ते

श्रुति के माता-पिता कमल हासन और सारिका दोनों ही फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े हुए हैं। कमल जहां साउथ के सुपरस्टार हैं, वहीं, सारिका भी बॉलीवुड की बेहतरीन अभिनेत्रियों में से एक रही हैं। कमल और सारिका 1988 में शादी के बंधन में बंधे थे। दोनों 2004 में अलग हो गए थे। उनका यह रिश्ता 16 साल तक चला। उस दौरान उनकी दो बेटियां थीं। श्रुति 16 साल की थीं और अक्षरा उनसे छोटी थीं।

खुलासा

आर्थिक तंगी से जूझ रहीं श्रुति

बीते दिनों श्रुति ने कहा था, "मैं खुद को घर में बंद रख कोरोना खत्म होने का इंतजार नहीं कर सकती। मैं झूठ नहीं बोलूंगी। मुझे काम पर लौटना होगा क्योंकि अन्य लोगों की तरह मैं भी आर्थिक तंगी का सामना कर रही हूं।" उन्होंने कहा, "मेरे परिवार में सभी अलग-अलग कमाई करते हैं। हमारे कई बिल भी होते हैं, जिनका भुगतान हमें खुद करना होता है। मम्मी-डैडी हमारे बिल नहीं भरते, इसलिए मुझे काम पर वापस जाना होगा।"

वर्कफ्रंट

प्रभास के साथ 'सालार' में नजर आएंगी श्रुति

श्रुति आखिरी बार फिल्म 'वकील साब' में दिखाई दी थीं। वह जल्द ही प्रशांत नील के निर्देशन में बनी फिल्म 'सालार' में प्रभास के साथ नजर आएंगी। कुछ ही दिन पहले श्रुति ने इसे लेकर उत्साह जाहिर करते हुए कहा था कि इस फिल्म में एक्शन, इमोशन, रोमांच सबकुछ है। श्रुति ने 2009 में फिल्म 'लक' से बॉलीवुड में कदम रखा था। इसके बाद उन्होंने 'D-Day', 'रमैया वस्तावैया', 'गब्बर इज बैक' और 'वेलकम बैक' जैसी कई फिल्मों में काम किया।