श्रेया घोषाल बोलीं- बॉलीवुड में आज भी मर्दाें का राज, ठुकरा चुकी घटिया बोल वाले कई सुपरहिट गाने
प्रसिद्ध गायिका श्रेया घोषाल ने बॉलीवुड संगीत इंडस्ट्री में महिला और पुरुष कलाकारों के बीच के अंतर पर खुलकर बात की है। 'द मेल फेमिनिस्ट पॉडकास्ट' में उन्होंने कहा कि येंइंडस्ट्री आज भी पुरुषों के दबदबे वाली है, जहां ज्यादातर बड़े और मुख्य गाने पुरुष गायकों को ही मिलते हैं, जबकि महिला गायिकाओं को सिर्फ कुछ रोमांटिक गानों तक ही सीमित रखा जाता है।
श्रेया ने यह भी खुलासा किया कि उन्होंने कई ऐसे सुपरहिट गानों को गाने से साफ मना कर दिया था, जिनके बोल महिलाओं को कमतर दिखाने या वस्तु की तरह पेश करने वाले थे। उन्होंने बेबाकी से कहा, "भले ही वे गाने बाद में बहुत बड़े हिट साबित हुए और खूब चले, लेकिन मेरे अपने कुछ नियम हैं और मैंने उन्हें गाने से साफ इनकार कर दिया था।"
श्रेया को इस बात का बड़ा अफसोस
श्रेया घोषाल ने आगे कहा कि स्वतंत्र संगीत के आने से अब इंडस्ट्री में थोड़ा बदलाव आ रहा है। उन्होंने खुलकर माना कि उन्हें अपने ही कुछ पुराने गानों, जैसे 'चिकनी चमेली' के बोलों को लेकर आज भी अफसोस और झिझक महसूस होती है। श्रेया ने साफ किया कि वो अब भविष्य में ऐसे गाने कभी नहीं गाएंगी।
इसके साथ ही उन्होंने चिंता जाहिर करते हुए कहा कि जब वो छोटी-छोटी बच्चियों को बिना अर्थ समझे ऐसे गानों पर नाचते-गाते देखती हैं तो उन्हें बहुत अजीब और असहज लगता है।