श्रद्धा कपूर की 'ईथा' पर बड़ा विवाद, विठाबाई की विरासत के लिए नाम बदलने की मांग तेज
श्रद्धा कपूर की नई फिल्म 'ईथा' आजकल खूब सुर्खियां बटोर रही है, जो महान 'तमाशा' कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर की जिंदगी पर आधारित है। फिल्म का टीजर जारी होने के बाद से ही लोग विठाबाई की प्रेरणादायक कहानी जानने को उत्सुक हैं, लेकिन इसके साथ ही कुछ विवाद भी खड़ा हो गया है। दरअसल, कुछ लोगों का मानना है कि फिल्म का शीर्षक 'ईथा' महान कलाकार विठाबाई की गरिमा और उनकी ऐतिहासिक विरासत के बिल्कुल अनुकूल नहीं है।
फिल्म का नाम बदलने की उठी मांग
NCP का फिल्म और सांस्कृतिक विभाग और खुद विठाबाई का परिवार अब फिल्म का नाम बदलने की मांग कर रहा है। उनका तर्क है कि महाराष्ट्र की लोक कला में उनके ऐतिहासिक योगदान को सही सम्मान देने के लिए फिल्म का नाम 'विठा' या 'विठाबाई' रखा जाना चाहिए। इस मामले पर NCP नेता बाबासाहेब पाटिल ने भी कड़ा रुख अपनाते हुए साफ कर दिया है कि विठाबाई को मिलने वाले सम्मान और गरिमा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। हालांकि, इस पूरे विवाद और नाम बदलने की मांग पर अभी तक फिल्म के निर्माताओं की तरफ से कोई आधिकारिक बयान या टिप्पणी सामने नहीं आई है।