श्रद्धा कपूर की फिल्म 'ईथा' पर बवाल, NCP और 'तमाशा' क्वीन के परिवार ने खोला मोर्चा
क्या है खबर?
अभिनेत्री श्रद्धा कपूर की आगामी फिल्म 'ईथा' रिलीज से पहले ही विवादों में घिर गई है। महाराष्ट्र की प्रसिद्ध लोक कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर के परिवार और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के सांस्कृतिक विभाग ने फिल्म के नाम पर कड़ी आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि महाराष्ट्र की लोक कला में विठाबाई के ऐतिहासिक योगदान को देखते हुए फिल्म का नाम बदलकर 'विठा' या 'विठाबाई' किया जाना चाहिए, ताकि उन्हें सही सम्मान मिल सके।
फिल्म
लक्ष्मण उतेकर की फिल्म में दिखेगा लावणी डांसर का दम
लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी फिल्म 'ईथा' मशहूर तमाशा कलाकार और लावणी नृत्यांगना विठाबाई नारायणगांवकर की जिंदगी पर आधारित है। फिल्म में उनकी कला, संघर्ष और लोक संस्कृति में योगदान को दिखाया गया है। हाल ही में आए फिल्म के टीजर में श्रद्धा कपूर का लावणी डांसर वाला दमदार अंदाज और बच्चे के जन्म का भावुक दृश्य दर्शकों को खूब पसंद आया। फिल्म से बड़ी उम्मीदें हैं, लेकिन रिलीज से पहले इसके नाम पर विवाद खड़ा हो गया है।
नाराजगी
फिल्म के नाम पर भड़की NCP
TV9 मराठी की रिपोर्ट के मुताबिक, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के फिल्म और सांस्कृतिक विभाग ने फिल्म 'ईथा' के नाम पर आपत्ति जताई है। संगठन का कहना है कि ये शीर्षक महान लोक कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर की विरासत और योगदान के साथ न्याय नहीं करता। वे इस बात पर अड़े हैं कि फिल्म का शीर्षक हर हाल में 'विठा' या 'विठाबाई' होना चाहिए, क्योंकि इसके बिना दिवंगत कलाकार की विरासत को उचित सम्मान नहीं मिल पाएगा।
मांग
विठाबाई जैसी महान शख्सियत के लिए बेअसर है 'ईथा' टाइटल
NCP के फिल्म और सांस्कृतिक विभाग ने इस मांग का कड़ा समर्थन करते हुए कहा है कि विठाबाई नारायणगांवकर कोई आम लोक कलाकार नहीं थीं, बल्कि वो महाराष्ट्र की संस्कृति, कला और 'तमाशा' विधा की मार्गदर्शक थीं। संगठन के सदस्यों का मानना है कि फिल्म का 'ईथा' टाइटल दर्शकों पर वो प्रभाव छोड़ने में पूरी तरह नाकाम है, जो विठाबाई जैसी महान शख्सियत की कहानी के लिए होना चाहिए, इसलिए वो इस नाम बदलने की मांग पर अड़े हुए हैं।
समर्थन
विठाबाई के बेटों और पोते ने भी उठाई फिल्म का नाम बदलने की मांग
रिपोर्ट के अनुसार, विठाबाई के बेटों कैलाश और राजेश नारायणगांवकर तथा पोते मोहित नारायणगांवकर ने भी फिल्म का नाम बदलने की मांग का समर्थन किया है। NCP के महाराष्ट्र अध्यक्ष बाबासाहेब पाटिल ने कहा कि विठाबाई के जीवन को पूरी गरिमा और सम्मान के साथ दिखाना उनकी नैतिक जिम्मेदारी है। हालांकि, इस विवाद पर अब तक फिल्म के निर्माताओं, मैडॉक फिल्म्स और निर्देशक लक्ष्मण उतेकर की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
रिलीज
'ईथा' कब हो रही रिलीज?
फिल्म 'ईथा' का टीजर विठाबाई नारायणगांवकर के जीवन के सबसे महत्वपूर्ण और बड़े अध्यायों में से एक पर ध्यान केंद्रित करता है, जिसमें श्रद्धा पहले ही फ्रेम से पूरी तरह से अपने किरदार के रंग में ढली नजर आ रही हैं। इस फिल्म में श्रद्धा के साथ रणदीप हुड्डा और मोहम्मद जीशान अय्यूब भी मुख्य भूमिकाओं में दिखाई देंगे। ये बहुप्रतीक्षित फिल्म इसी साल 28 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है।