'शोले' का ऐसा रूप पहले कभी नहीं देखा होगा, 4K और लाइव ऑर्केस्ट्रा के साथ होगी भव्य प्रस्तुति
बॉलीवुड की क्लासिक फिल्म 'शोले' अब 4K क्वालिटी में दिखाई जाएगी। यह फिल्म 10 अक्टूबर को लंदन के रॉयल अल्बर्ट हॉल में दिखाई जाएगी।
'फिल्म्स इन कॉन्सर्ट' सीरीज के हिस्से के तौर पर, आर डी बर्मन के शानदार संगीत को रॉयल फिलहारमोनिक कॉन्सर्ट ऑर्केस्ट्रा लाइव प्रस्तुत करेगा। मेलविन टाय इसका संचालन करेंगे।
सिप्पी का कहना है 'शोले' को वैसे ही दिखाया जा रहा है जैसा सोचा था
'शोले: द फाइनल कट' नाम के इस खास वर्जन में वे हिस्से फिर से जोड़े गए हैं, जिन्हें 1975 में भारतीय सेंसर बोर्ड ने हटा दिया था।
यह एक बड़ी HD स्क्रीन पर हिंदी में दिखाई जाएगी और इसके साथ अंग्रेजी सबटाइटल्स भी होंगे।
सिप्पी फिल्म्स के शहजाद सिप्पी बताते हैं कि इसका मकसद यही है कि दर्शक 'शोले' को ठीक वैसे ही देख पाएं, जैसा इसे बनाया गया था।
'शोले' आज भी 1975 का है सांस्कृतिक प्रतीक
साल 1975 में आई 'शोले' आज भी भारतीय सिनेमा का एक सांस्कृतिक प्रतीक मानी जाती है। इसकी दमदार कहानी, यादगार किरदार और 'ये दोस्ती', 'मेहबूबा मेहबूबा' जैसे सदाबहार गानों की वजह से।
रॉयल अल्बर्ट हॉल के प्रोग्रामिंग डायरेक्टर मैट टॉड ने इस मौके को बॉलीवुड इतिहास का 'बेहद रोमांचक पल' बताया है।