सोनम वांगचुक के अनशन पर सलमान खान के बयान से नाराज शोभा डे, बोलीं- युवाओं को पसंद नहीं ऐसी बातें
मशहूर लेखिका शोभा डे ने विरोध-प्रदर्शनों पर बॉलीवुड के रवैये पर सवाल उठाते हुए कलाकारों की खिंचाई की है। उन्होंने सितारों की प्रतिक्रिया को अजीब और बेअसर बताया। शोभा डे ने सोनम वांगचुक के अनशन पर सलमान खान के बयान की कड़ी आलोचना की। सलमान ने वांगचुक को 'ब्रो' कहा था और उनके लिए घर से खाना भेजने की बात कही थी। शोभा डे ने इसे बेहद बचकाना और अजीब और शर्मनाक बताया। उन्होंने कहा कि देश के इतने बड़े मुद्दे पर ऐसी बातें करना आज के युवाओं को बिल्कुल पसंद नहीं आता।
युवाओं और जमीनी हकीकत से दूर हो चुके हैं फिल्मी सितारे- शोभा डे
शोभा डे ने ये भी बताया कि सलमान खान का घर का बना खाना देने का ऑफर कैसे उल्टा पड़ गया। उनकी तारीफ होने की बजाय ऑनलाइन इस पर जमकर मजाक उड़ाया गया। शोभा यहीं नहीं रुकीं। उन्होंने कंगना रनौत, हेमा मालिनी और अनुपम खेर जैसे कई सितारों का नाम लेते हुए कहा कि जेनरेशन Z को लेकर उनके बयान बताते हैं कि बॉलीवुड जमीनी हकीकत से कितना कट गया है। उन्होंने कहा कि ये सितारे भले ही बॉक्स ऑफिस पर कामयाबी के लिए जेनरेशन Z पर निर्भर करते हैं, लेकिन उनके लिखे-लिखाए पोस्ट और राजनीतिक झुकाव युवाओं को उनसे और दूर करते जा रहे हैं।