शिल्पा शिंदे का आलोचकों पर फूटा गुस्सा- जो उखाड़ना है उखाड़ लो; वीडियो वायरल
क्या है खबर?
टीवी अभिनेत्री शिल्पा शिंदे फिर अपने बेबाक और आक्रामक अंदाज को लेकर चर्चा में हैं। हालिया बयानों पर हो रही भारी आलोचना और सोशल मीडिया ट्रोलिंग पर चुप्पी तोड़ते हुए उन्होंने ट्रोलर्स को करारा जवाब दिया है। शिल्पा ने साफ शब्दों में कहा है कि जिसे जो करना है, कर ले, वो किसी की परवाह नहीं करतीं। आलोचना करने वालों को खुली चुनौती देते हुए उनका ये तीखा पलटवार अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
चुनौती
बवाल के बीच शिल्पा का आलोचकों को खुली चुनौती
'भाभी जी घर पर हैं' विवाद से जुड़े अपने हालिया बयान के बाद विवादों में घिरीं शिल्पा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा किया है। शिल्पा ने हाल ही में स्वीकारा था कि पूर्व में लगाए गए उनके यौन उत्पीड़न के आरोप झूठे थे, जिसके बाद ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) सहित सोशल मीडिया पर उनकी तीखी आलोचना होने लगी। इस बढ़ते बवाल के बीच शिल्पा ने आलोचकों को जवाब देते हुए लिखा, 'जो उखाड़ना है उखाड़ लो।'
तंज
अपना खून किसी को मत दो, जलाकर खत्म कर दो- शिल्पा
शिल्पा ने इंस्टाग्राम पर अपनी तस्वीरों और वीडियो की एक रील शेयर की जिसके वीडियो में लिखा था, 'एक महिला बनो। हमेशा ये कहने के लिए तैयार रहो कि जो उखाड़ना है, उखाड़ लो।' इसके साथ ही उन्होंने कैप्शन में अपने आलोचकों और जलने वालों पर निशाना साधते हुए लिखा, 'जलने वालों जलते रहो, अपना खून किसी जरूरतमंद को मत दो, जला-जला के खत्म कर दो।' शिल्पा का ये पोस्ट सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
नाराजगी
संजय कोहली को पीड़ित बताने वालों पर भड़कीं शिल्पा
इंस्टाग्राम पर एक नई रील साझा करते हुए शिल्पा ने FIR मामले पर अपना पक्ष रखा। उन्होंने PR के जरिए झूठी कहानियां फैलाने वालों को नसीहत दी कि वो पहले FIR की कॉपी जाकर देखें। 'भाभी जी घर पर हैं' के निर्माता संजय कोहली को 'पीड़ित' के रूप में दिखाए जाने पर तंज कसते हुए शिल्पा ने कहा कि लोगों को उनके साथ हुई नाइंसाफी भी बतानी चाहिए, क्योंकि 'जैसे को तैसा' होकर ही रहता है।
दो टूक
झूठी कहानियां फैलाने वालों को दिया जवाब
शिल्पा ने लोगों से तथ्यों की जांच करने और उनकी FIR पढ़ने को कहा। उन्होंने कहा कि FIR में स्पष्ट लिखा है कि उनका हाथ पकड़कर उन्हें अपनी ओर खींचा गया था। शिल्पा ने दावा किया कि कोई भी FIR की पूरी कॉपी पढ़ने की कोशिश नहीं कर रहा। साथ ही उन्होंने PR एजेंसियों पर झूठी कहानियां फैलाने का आरोप लगाया। शिल्पा के मुताबिक, अवांछित शारीरिक संपर्क, अनुचित संदेश और टिप्पणियां भी यौन उत्पीड़न की श्रेणी में आती हैं।
विवाद
झूठे आरोप कबूलने पर घिरीं शिल्पा
शिल्पा के इस खुलासे ने फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। पूजा बेदी और हिना खान जैसे कई कलाकारों ने झूठी शिकायत दर्ज कराने के लिए उनकी सार्वजनिक रूप से कड़ी निंदा की है, वहीं, AICWA ने इंस्टाग्राम पर एक बयान जारी कर कहा है कि 'भाभीजी घर पर हैं' के प्रोड्यूसर संजय कोहली पर झूठे यौन उत्पीड़न के आरोप लगाने की बात कबूलना पूरे बॉलीवुड और टेलीविजन उद्योग के लिए "चिंता" का विषय है।