क्यों नहीं बन पाई आमिर खान की फिल्म 'टाइम मशीन'? ठंडे बस्ते में पड़ा साइंस फिक्शन का सपना
80 के दशक के आखिर की बात है, शेखर कपूर ने 'टाइम मशीन' नाम की एक साइ-फाई फिल्म पर काम शुरू किया था। इसमें आमिर खान, रेखा और नसीरुद्दीन शाह जैसे बड़े कलाकार थे।
फिल्म की कहानी एक अनाथ बच्चे पर आधारित थी, जो अपने माता-पिता को खोजने के लिए समय में पीछे चला जाता है, लेकिन गलती से वह महाभारत के दौर में पहुंच जाता है।
हालांकि, बजट की कमी के चलते यह प्रोजेक्ट बीच में ही रोक दिया गया। आज भी बहुत से दर्शक सोचते हैं कि अगर यह फिल्म बन जाती तो कैसी होती।
'लगान' की सालगिरह पर आमिर ने फिर छेड़ी 'टाइम मशीन' की याद
'लगान' के 25 साल पूरे होने के मौके पर आमिर ने 'टाइम मशीन' को एक 'साइ-फाई फैंटेसी' बताया। इस दौरान वे रेखा के साथ मंच पर दिखे थे। हाल ही में 'न्यूज 18' से बातचीत में आमिर ने यह भी कहा था कि वह एक दिन 'महाभारत' को बड़े पर्दे पर लाना चाहते हैं।
बाद में इसकी पटकथा को फिर से शुरू करने की कई कोशिशें हुईं, यहां तक कि करण जौहर के साथ भी इस बारे में बात की गई, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला।
लेखक करण राजदान ने तो यह भी दावा किया था कि उनकी ही लिखी पटकथा से 'लव स्टोरी 2050' फिल्म बनाई गई थी।