माही विज को शहनाज गिल का अटूट समर्थन, बोलीं- अच्छा खेले या बुरा, पूरा साथ दूंगी
क्या है खबर?
रियालिटी शो 'बिग बॉस 20' के आगाज के साथ ही घर के अंदर और बाहर माहौल गर्माने लगा है। शो की पूर्व लोकप्रिय प्रतियोगी शहनाज गिल ने माही विज के समर्थन में उतरकर सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। शहनाज ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा कर अपने संघर्ष के दिनों को याद किया। उन्होंने बताया कि कैसे माही ने उनके कठिन और बुरे समय में बिना किसी स्वार्थ के उनका साथ दिया था।
साथ
बिना शो देखे भी माही के साथ खड़ी हैं शहनाज
शहनाज ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक नोट साझा करते हुए साफ किया कि भले ही वो रियलिटी शो को फॉलो नहीं कर रही हैं और माही के गेमप्ले से अनजान हैं, फिर भी उनका समर्थन पूरी तरह से माही के साथ है।
शहनाज ने लिखा, 'मैं बिग बॉस नहीं देख रही हूं, इसलिए मुझे नहीं पता कि माही अच्छा खेल रही हैं या खराब, लेकिन फिर भी मैं उनका समर्थन कर रही हूं।"
मददगार
मेरे सुख-दुख में साथ थीं माही- शहनाज
अपना 'बिग बॉस 13' का सफर याद कर शहनाज ने बताया कि वो समझती हैं कि उस घर में रहना कितना कठिन होता है।
उन्होंने बताया, 'मैं भी कभी उसी मंच पर थी और जानती हूं कि स्थिति कितनी मुश्किल होती है।'
शहनाज ने खुलासा किया कि शो में जब उनके पास पहनने के लिए कपड़े तक नहीं थे, तब माही ने उनकी बड़ी मदद की थी। शहनाज के मुताबिक, उनके हर सुख-दुख में माही हमेशा उनके साथ खड़ी रहीं।
तारीफ
माही को शहनाज ने बताया 'सच्चे दिल की इंसान'
माही की तारीफ करते हुए शहनाज ने आगे लिखा, 'वो बहुत साफ और सच्चे दिल की इंसान हैं। मैंने उनका ये पहलू देखा है, इसलिए वो घर के अंदर जैसा भी खेलें, मेरा समर्थन हमेशा उनके साथ रहेगा।'
बता दें कि 'बिग बॉस 13' के दौरान जब कपड़ों को लेकर विवाद हुआ था, तब माही विज और जय भानुशाली ने डिजाइनर का इंतजाम करने से लेकर पूरे सीजन शहनाज गिल का खुलकर समर्थन किया था।