LOADING...
शेफाली शाह की युवा लड़कियों को दो टूक सलाह- बच्चे नहीं, सिर्फ कुत्ते पालो
शेफाली शाह की सलाह- शादी की जल्दबाजी न करें, कुत्ते पालें

शेफाली शाह की युवा लड़कियों को दो टूक सलाह- बच्चे नहीं, सिर्फ कुत्ते पालो

May 15, 2026
06:32 pm

क्या है खबर?

बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्रियों में शुमार शेफाली शाह अपनी बेबाकी के लिए जानी जाती हैं। हाल ही में शादी और मातृत्व पर बात करते हुए उन्होंने युवा महिलाओं को एक ऐसी सलाह दी, जिसकी हर तरफ चर्चा हो रही है। शेफाली ने मजाक और संजीदगी के बीच तालमेल बिठाते हुए कहा कि शादी के बाद बच्चों की जिम्मेदारी उठाने के बजाय कुत्ते पालना इससे कहीं बेहतर विकल्प है। और क्या कुछ बोलीं शेफाली, आइए जानते हैं।

सलाह

जब खुद ही को नहीं जानतीं, तो शादी क्यों?- शेफाली

शेफाली बोलीं, "भगवान के लिए जब आप खुद एक बच्ची हों, तब शादी मत कीजिए। उस उम्र में तो आपको ये भी ठीक से नहीं पता होता कि आपको खुद की कौन सी बात पसंद है और कौन सी नहीं। कोई भी बड़ा फैसला लेने से पहले दुनिया देखना और लोगों को जानना जरूरी है। अगर आपको शादी पर विश्वास नहीं तो ना करें, क्योंकि इसे निभाने में बहुत मेहनत लगती है और बीच रास्ते से पीछे हटना सही नहीं।"

रिश्ता

"जब तक खुद को न जान लो, तब तक किसी रिश्ते में न बंधो"

शेफाली ने जोर दिया कि शादी को हल्के में नहीं लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि इंसान को तभी किसी रिश्ते के लिए कमिटमेंट देना चाहिए, जब वो भावनात्मक रूप से परिपक्व हो जाए और उसे पूरी तरह पता हो कि वह अपनी जिंदगी और रिश्तों से क्या चाहता है। बातचीत के दौरान जब होस्ट लिली सिंह ने बताया कि वो 37 साल की हैं और अभी तक अविवाहित हैं तो उनकी इस बात के बाद शेफाली फौरन बोली पड़ीं।

Advertisement

बेबाकी

"इंसानी रिश्तों में शर्तें होती हैं, लेकिन कुत्तों का प्यार निस्वार्थ होता है"

शेफाली ने बेहद बेबाकी से कहा, "बच्चे मत करो, बस कुत्ते पालो।" उन्होंने मजाकिया अंदाज में ये भी स्वीकार किया कि इस बयान के लिए उन्हें ट्रोल किया जा सकता है, लेकिन उनके नजरिए में कुत्ते ही 'बिना शर्त प्यार' का असली जरिया हैं। शेफाली ने आगे समझाया कि शादी कोई मजबूरी नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी है, जिसे केवल तभी निभाना चाहिए जब आप पूरी तरह तैयार हों।

Advertisement

निजी जिंदगी

2 बेटों की मां हैं शेफाली शाह

शेफाली की निजी जिंदगी की बात करें तो उनकी पहली शादी टीवी अभिनेता हर्ष छाया से हुई थी, लेकिन शादी के 4 साल बाद ही दोनों अलग हो गए। इसके बाद साल 2000 में शेफाली ने फिल्म निर्माता विपुल अमृतलाल शाह के साथ एक निजी समारोह में शादी रचाई। इस शादी से उनके 2 बेटे हैं, जिनका नाम आर्यमन और मौर्य है। शेफाली को उनके पशु प्रेम के लिए भी जाना जाता है। उनके पास 2 साइबेरियन कुत्ते हैं।

Advertisement