
एक्टर नहीं, लेखक के रूप में डेब्यू करेंगे शाहरुख के बेटे आर्यन
क्या है खबर?
सुपरस्टार्स के बच्चों के बॉलीवुड डेब्यू को लेकर फैंस काफी उत्साहित रहते हैं। यहां तक कि फिल्मों में आने से पहले ही स्टारकिड्स की फैन फॉलोइंग बढ़ जाती है।
शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान के डेब्यू को लेकर भी चर्चाओं का बाजार गर्म रहता है। शाहरुख ने एक बार कहा था कि आर्यन को एक्टिंग में रुचि नहीं है। अब सुनने में आ रहा है कि आर्यन एक्टर नहीं, बल्कि एक लेखक के रूप में बॉलीवुड में डेब्यू करेंगे।
रिपोर्ट
एक वेब सीरीज और फिल्म के प्रोजेक्ट में व्यस्त हैं आर्यन
पिंकविला की रिपोर्ट के मुताबिक, आर्यन एक लेखक के रूप में बॉलीवुड में अपना पदापर्ण करेंगे। खबरों की मानें तो आर्यन फिलहाल दो प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहे हैं।
एक फीचर फिल्म है, जिसे रेड चिलीज एंटरटेनमेंट द्वारा निर्मित किया जाएगा। दूसरा प्रोजेक्ट एक वेब सीरीज है, जो सीधे अमेजन प्राइम वीडियो पर प्रसारित होगी।
यह थ्रिलर सीरीज एक कट्टर प्रशंसक के जीवन पर आधारित है। साल के अंत तक सीरीज OTT प्लेटफॉर्म पर आ सकती है।
कहानियां
बिलाल सिद्दीकी के साथ कई कहानियों पर काम कर रहे आर्यन
इन प्रोजेक्ट्स के स्क्रिप्ट्स फिलहाल डेवलेपमेंट स्टेज में हैं।
रिपोर्ट की मानें तो इन दो प्रोजेक्ट्स के अलावा आर्यन कई अन्य कहानियों पर भी काम कर रहे हैं, जिसमें बिलाल सिद्दीकी उनके सह-लेखक हैं।
शाहरुख ने खुद कहा था कि आर्यन को अपने पिता की तरह अभिनेता नहीं बनना चाहिए, बल्कि कैमरे के पीछे अपने कौशल पर काम करना चाहिए, जिसमें वह वास्तव में रुचि रखते हैं। आर्यन का राइटिंग के प्रति प्रेम जगजाहिर है।
डेब्यू
शाहरुख की बेटी सुहाना भी जल्द करेंगी डेब्यू
शाहरुख की बेटी और आर्यन की बहन सुहाना खान भी बहुत जल्द बॉलीवुड में डेब्यू कर सकती हैं। सुहाना जोया अख्तर की वेब सीरीज से बॉलीवुड में अपने करियर की शुरुआत करेंगी।
यह सीरीज आने वाले दिनों में नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी।
आर्यन और सुहाना को हाल ही में बेंगलुरु में आयोजित IPL के मेगा नीलामी फंक्शन में देखा गया था। आर्यन और सुहाना दोनों अपने पिता के काम में हाथ बटाते हैं।
गिरफ्तारी
3 अक्टूबर को NCB ने किया था आर्यन को गिरफ्तार
पिछला साल शाहरुख परिवार के लिए काफी बुरा रहा। आर्यन को क्रूज ड्रग्स मामले में जेल की हवा खानी पड़ी थी।
NCB ने मुंबई में क्रूज पर चल रही रेव पार्टी से आर्यन, अरबाज मर्चेंट, मुनमुन धमेचा, नुपूर सारिका, इश्मीत सिंह, मोहक जायसवाल, विक्रांत छोंकर और गोमित चोपड़ा को हिरासत में लिया था।
3 अक्टूबर को आर्यन समेत उनके दो दोस्तों को गिरफ्तार किया गया था। खैर इस मामले में आर्यन को जमानत मिल चुकी है।
न्यूजबाइट्स प्लस
ये स्टारकिड्स बॉलीवुड में बना चुके हैं पहचान
'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' से महेश भट्ट की बेटी आलिया भट्ट ने 2012 में बॉलीवुड में कदम रखा था। आज वह बॉलीवुड की मझी हुई अभिनेत्री हैं।
इसी फिल्म से डेविड धवन के बेटे वरुण धवन ने भी एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी। अभिनेता चंकी पांडे की बेटी अनन्या पांडे ने 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर 2' से डेब्यू किया था।
बोनी कपूर और श्रीदेवी की बेटी जाह्नवी कपूर ने 'धड़क' से बॉलीवुड में पदार्पण किया था।