आर्यन खान केस के बाद पहली बार सोशल मीडिया पर लौटे शाहरुख खान
पिछले साल शाहरुख खान का परिवार उस समय मुश्किलों में पड़ गया, जब क्रूज ड्रग्स मामले में शाहरुख के बेटे आर्यन खान की गिरफ्तारी हुई थी। इसके चलते उन्होंने सोशल मीडिया से भी ब्रेक ले लिया था। अब जब आर्यन को जमानत मिल चुकी है, तो शाहरुख की जिंदगी भी धीरे-धीरे पटरी पर आ रही है। अब आर्यन खान केस के चार महीने बाद शाहरुख इंस्टाग्राम पर लौटे चुके हैं। उनके प्रशंसकों के लिए यह बड़ी खुशखबरी है।
शाहरुख ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया एक प्रमोशनल वीडियो
आर्यन खान केस के बाद शाहरुख ने इंस्टाग्राम पर अपना पहला पोस्ट शेयर किया है। सोशल मीडिया पर उनका यह पोस्ट वायरल हो चुका है। उन्होंने एक प्रमोशनल वीडियो पोस्ट किया है। भले ही यह प्रमोशनल वीडियो हो, लेकिन इसी बहाने शाहरुख के प्रशंसकों को उनसे रूबरू होने का मौका मिला है। इस प्रमोशनल वीडियो में शाहरुख अपने पुराने अंदाज में नजर आए हैं। इसमें उन्होंने अपनी और दूसरों की सफलता को लेकर बातचीत की है।
इस प्रमोशनल वीडियो में शाहरुख ने क्या कहा?
इस प्रमोशनल वीडियो में शाहरुख ने कहा, "सफलता की तरह कोई दूसरी चीज नहीं...आप जो भी करते हैं, उसमें आपकी कामयाबी की झलक होती है। आप जिस भी चीज के हकदार हैं, आप रोशनी से ज्यादा चमकदार हैं, जिंदगी से ज्यादा रंगीन, आप हर पल जी लेते हैं, आप अपनी दुनिया पर राज करते हैं। आपके जैसा कोई नहीं है।' खास बात यह है कि इस वीडियो में शाहरुख की पत्नी गौरी खान की भी झलक दिखी है।
शाहरुख की वापसी पर फैंस ने दी प्रतिक्रियाएं
सोशल मीडिया पर शाहरुख की वापसी के बाद उनके फैंस की खुशी का ठिकाना नहीं है। एक यूजर ने अपने कमेंट में लिखा, 'किंग इज बैक।' एक अन्य यूजर ने लिखा, 'आखिरकार शाहरुख सोशल मीडिया पर वापस आ गए हैं।' एक फैंस ने कमेंट किया, 'वेलकम बैक मास्टर।' बता दें कि शाहरुख ने अपना आखिरी पोस्ट पिछले साल 19 सितंबर को किया था। तभी से वह सोशल मीडिया पर सक्रिय नहीं थे।
जेल से कुछ शर्तों पर रिहा हुए थे आर्यन
आर्थर रोड जेल में लगभग 26 दिन बिताने के बाद आर्यन को 28 अक्टूबर को बॉम्बे हाई कोर्ट ने जमानत दी और 30 अक्टूबर को उनकी रिहाई हुई। आर्यन को जमानत देते हुए कोर्ट ने 14 शर्तें लगाईं, जिनमें से एक यह थी कि उन्हें हर शुक्रवार सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच NCB ऑफिस में अपनी उपस्थिति दर्ज करानी होगी। हालांकि, अब उन्हें NCB ऑफिस में हर हफ्ते हाजिरी नहीं लगानी होगी।
3 अक्टूबर को NCB ने किया था आर्यन को गिरफ्तार
NCB ने मुंबई में क्रूज पर चल रही रेव पार्टी से आर्यन, अरबाज मर्चेंट, मुनमुन धमेचा, नुपूर सारिका, इश्मीत सिंह, मोहक जायसवाल, विक्रांत छोंकर और गोमित चोपड़ा को हिरासत में लिया था। 3 अक्टूबर को आर्यन समेत उनके दो दोस्तों को गिरफ्तार किया गया। NCB अधिकारी कोर्ट में यह सबूत नहीं दे पाए कि आर्यन ड्रग्स मामले में किसी तरह शामिल थे। तमाम दलीलों के बाद आर्यन, अरबाज मर्चेंट और मुनमुन धमेचा को कोर्ट ने जमानत दे दी थी।
न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)
आर्यन की गिरफ्तारी के बाद ऋतिक रोशन से लेकर रवीना टंडन तक बॉलीवुड के कई सितारे आर्यन के बचाव में उतरे थे। जूही चावला, आर्यन की जमानती बनी थीं। उन्होंने सेशन कोर्ट पहुंचकर कागजात पर दस्तखत किए और आर्यन को जेल से रिहा करवाया था।
ये हैं शाहरुख की आने वाली फिल्में
शाहरुख की आखिरी फिल्म 'जीरो' थी, जो 2018 में आई थी। इस फिल्म ने कोई खास प्रभाव नहीं छोड़ा था। वह 'पठान' में नजर आने वाले हैं। वह थ्रिलर फिल्में बनाने के लिए मशहूर 'राज एंड डीके' की आगामी फिल्म में अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे। संजय लीला भंसाली ने भी शाहरुख के साथ 'इजहार' नाम की एक रोमांटिक फिल्म बनाने की प्लानिंग की है। सलमान खान की फिल्म 'टाइगर 3' में शाहरुख छोटी, लेकिन एक महत्वपूर्ण भूमिका में दिखेंगे।