'किंग' दोहराएगी शाहरुख खान का 20 साल पुराना रिकॉर्ड? सिनेमाघर में मचेगा धमाल
क्या है खबर?
'किंग' के साथ शाहरुख खान की वापसी को लेकर दर्शकों के बीच जश्न का माहौल बना हुआ है। 2023 में आखिरी बार 'पठान', 'जवान' और 'डंकी' से दर्शकों का मनोरंजन करने के बाद, अभिनेता अपनी अगली एक्शन थ्रिलर लाने के लिए बिल्कुल तैयार हैं। जैसे-जैसे फिल्म अपनी रिलीज के करीब आ रही है, इसके प्रति लोग बेताब होते जा रहे हैं। अब खबर है कि 'किंग' अपनी अवधि के जरिए शाहरुख के 20 साल पुराने इतिहास को दोहराती दिखेगी।
अवधि
सिनेमा में 3 घंटे से ज्यादा चलेगा शाहरुख का जलवा
बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक, शाहरुख की 'किंग' पूरे 3 घंटे 17 मिनट लंबी होने वाली है।
आधिकारिक पुष्टि तो नहीं हुई, लेकिन अगर यह रनटाइम सही निकला तो यह 20 सालों में शाहरुख की पहली बड़ी फिल्म बन जाएगी जो 3 घंटे का आंकड़ा पार करेगी।
पिछली बार 2006 में रिलीज 'कभी अलविदा न कहना' उनकी 3 घंटे से ज्यादा लंबी फिल्म थी, जिसमें रानी मुखर्जी, अभिषेक बच्चन और प्रीति जिंटा भी मौजूद थे।
फिल्म
क्रिसमस पर होगा 'किंग' का धमाका
सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही 'किंग' शाहरुख के 3 साल बाद सिल्वर स्क्रीन पर वापसी का प्रतीक है। इसके निर्माण की जिम्मेदारी खुद उन्होंने अपनी कंपनी 'रेड चिलीज एंटरटेनमेंट' के जरिए उठाई है।
दिलचस्प बात यह है कि फिल्म में उनकी बेटी सुहाना खान भी हैं। पिता-बेटी की जोड़ी को पर्दे पर पहली बार एक साथ देखना उनके फैंस के लिए किसी तोहफे से कम नहीं होगा।
फिल्म 24 दिसंबर को क्रिसमस के अवसर पर सिनेमाघरों में आएगी।