शाहरुख-सलमान से मिली मदद पर भावुक शरद कपूर बोले- छोटे से बड़े तक सब चिंतित थे
क्या है खबर?
बॉलीवुड में मुश्किल दौर से गुजर रहे अभिनेता शरद कपूर ने हाल ही में फिल्म इंडस्ट्री से काम और आर्थिक मदद के लिए एक भावुक अपील की थी। उनकी इस गुहार के बाद अब हिंदी सिनेमा के कई बड़े दिग्गज उनके समर्थन में आगे आ गए हैं। इस सूची में सुपरस्टार शाहरुख खान और मशहूर गीतकार जावेद अख्तर समेत कई अन्य हस्तियां शामिल हैं, जिन्होंने आगे बढ़कर शरद कपूर से संपर्क किया है।
मदद
सलमान, शाहरुख और सोनू सूद समेत कई सितारों ने दिया मदद का भरोसा
वरिंदर चावला को दिए एक इंटरव्यू में शरद ने बताया कि छोटे से लेकर बड़े तक, इंडस्ट्री में हर कोई उनके लिए चिंतित था।
उन्होंने सोनू सूद, सलमान खान, शाहरुख खान, राजपाल यादव, जावेद अख्तर और अपने दोस्त अरमान कोहली का शुक्रिया अदा कर कहा कि सभी ने हर संभव मदद का भरोसा दिया।
शरद के मुताबिक, उनके कुछ पत्रकार दोस्तों ने भी अस्पताल और इलाज में मदद की पेशकश की। लोगों का ये प्यार देख शरद बेहद भावुक हैं।
सहायता
सलमान ने की आर्थिक मदद की पेशकश तो मुंबई में शरद से मिले सोनू सूद
इससे पहले ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने बताया था कि सलमान खान ने शरद कपूर को आर्थिक मदद की पेशकश की है, वहीं सोनू सूद ने भी मुंबई में शरद से मुलाकात कर उन्हें आर्थिक और मेडिकल सहायता का भरोसा दिया है।
सोमवार को दोनों की इस मुलाकात का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसे पैपराजी पेजों ने शेयर किया। क्लिप में दोनों अभिनेता गर्मजोशी से एक-दूसरे को गले लगाते दिखाई दिए।
करियर
'स्वाभिमान' और 'जोश' से पहचान बनाने वाले शरद कपूर का करियर
शरद ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत 1994 की फिल्म 'मेरा प्यारा भारत' से की थी। उन्हें साल 1995 में महेश भट्ट के टीवी शो 'स्वाभिमान' से खास पहचान मिली, जिसके बाद वो साइकोलॉजिकल थ्रिलर 'दस्तक' में दिखे।
साल 2000 में उन्होंने शाहरुख-ऐश्वर्या राय के साथ मंसूर खान की फिल्म 'जोश' में काम किया। वे 'लक्ष्य', 'वांटेड', 'जय हो' और 'ये है जलवा' जैसी फिल्मों का हिस्सा रहे। वो आखिरी बार साल 2019 की फिल्म 'कैबरे' में नजर आए थे।