शगुफ्ता अली का खुलासा- आमिर से भी बड़े परफेक्शनिस्ट हैं गोविंदा, 25-25 बार रिहर्सल करते हैं
क्या है खबर?
बॉलीवुड में गोविंदा की अदाकारी और कॉमिक टाइमिंग का हर कोई मुरीद रहा है, लेकिन सेट पर उनकी देर से आने की आदत भी अक्सर चर्चा का विषय बनती रही है। अब अभिनेत्री शगुफ्ता अली ने साथ एक बातचीत में गोविंदा संग काम करने के अपने अनुभवों को साझा किया है। उन्होंने ये भी खुलासा किया कि सेट पर गोविंदा के लेट आने की इसी आदत से दिग्गज अभिनेता कादर खान अक्सर काफी चिढ़ जाया करते थे।
यादें
हीरो नंबर 1' की शूटिंग को याद कर बोलीं शगुफ्ता
'हीरो नंबर 1' के ऊटी आउटडोर शेड्यूल को याद कर शगुफ्ता ने सिद्धार्थ कन्नन को बताया, "सेट पर गोविंदा या करिश्मा मौजूद हों या न हों, हम बहुत मजा किया करते थे। हमारे लिए वो एक ऐसी छुट्टी जैसी थी, जिसके पैसे भी हमें मिल रहे थे। ऊटी में शूटिंग का अनुभव शानदार रहा। हम मिथुन दा के होटल में ठहरे थे। जब उन्हें हमारी मौजूदगी का पता चला तो वे हमसे मिलने आए और खुद सीफूड बनाकर हमें खिलाया।'
खुलासा
"9 बजे की शिफ्ट में 2 बजे आते थे गोविंदा"
शगुफ्ता ने आगे खुलासा किया कि गोविंदा अक्सर तय समय से 4 से 5 घंटे देर से पहुंचते थे।
वो बोलीं, "गोविंदा सेट पर देर से आते थे। अगर शिफ्ट सुबह 9 बजे की होती तो वो दोपहर 1 या 2 बजे से पहले कभी नहीं आते थे। गोविंदा के साथ बस यही एक समस्या थी, वरना वह बहुत ही भले इंसान हैं। मैंने उनके साथ 3-4 फिल्में की हैं। वो बहुत प्यारे और हंसमुख स्वभाव के व्यक्ति हैं।"
अनुभ
शगुफ्ता ने बताया गोविंदा संग काम करने का अनुभव
शगुफ्ता ने आगे कहा, "गोविंदा 25-25 बार रिहर्सल करते हैं। गोविंदा, आमिर खान से भी बड़े मिस्टर परफेक्टनिस्ट हैं। निर्देशक डेविड धवन के टेक ओके करने के बाद भी गोविंदा बेहतर शॉट की जिद करते और बाकी कलाकारों से देरी के लिए माफी मांगते थे। उन्हें ये भी परवाह नहीं होती थी कि सामने वाला इंसान बहुत थक चुका है।"
उन्होंने ये भी बताया कि कादर खान अक्सर सेट पर गोविंदा के देर से आने की शिकायत किया करते थे।
गुस्सा
गोविंदा की लेटलतीफी से कुढ़ते थे कादर खान
बातचीत में शगुफ्ता ने कहा, "गोविंदा के देर से आने पर कादर खान बहुत गुस्सा होते थे और बाकी लोग भी चिढ़ जाते थे। हमें रोज उनका इंतजार करना पड़ता था। हालांकि, कादर खान अपना गुस्सा खुलकर नहीं दिखाते थे, लेकिन कुढ़ते जरूर थे।"
शगुफ्ता ने गोविंदा के आध्यात्मिक पहलू को याद करते हुए बताया कि वो अंधविश्वासी थे और होटल के कमरों में छोटा मंदिर बना लेते थे। वो शुभ मुहूर्त देखकर ही काम करते थे।
जानकारी
30 सालों से अभिनय की दुनिया में सक्रिय शगुफ्ता
शगुफ्ता अली फिल्म और टीवी जगत की जानी-मानी अभिनेत्री हैं। उन्होंने 80 के दशक के अंत से अपने करियर की शुरुआत की थी और पिछले 3 दशकों से भी अधिक समय से हिंदी सिनेमा और टीवी धारावाहिकों में अपनी अदाकारी का जादू बिखेर रही हैं।