Loading...
क्या कई बाजारों से अपना कारोबार समेट रही नथिंग? जानिए कंपनी ने क्या कहा
नथिंग ने कई बाजारों में कारोबार बंद करने की खबरों को अफवाह बताया है

क्या कई बाजारों से अपना कारोबार समेट रही नथिंग? जानिए कंपनी ने क्या कहा

Jul 26, 2026
11:22 am

क्या है खबर?

वनप्लस के अहम बाजारों में अपनी मौजूदगी कम करने की चर्चाओं के बाद अब एक और स्मार्टफोन ब्रांड नथिंग को लेकर भी इसी तरह की बातें की जा रही हैं। हालांकि, लंदन की इस कंपनी ने उन दावों को सार्वजनिक रूप से खारिज कर दिया है, जिनमें कहा गया था कि वह कई देशों में अपना कामकाज बंद कर रही है या बड़े पैमाने पर कर्मचारियों की छंटनी कर रही है। यह रिपोर्ट डिजिट की ओर से दी गई थी।

दावा 

रिपोर्ट में किया गया था यह दावा 

डिजिट की रिपोर्ट में दावा किया गया कि स्मार्टफोन बनाने वाली यह कंपनी 12 से ज्यादा विदेशी बाजारों से हटने पर विचार कर रही है।

साथ ही लंदन और चीन में रिसर्च और डेवलपमेंट सेंटर्स समेत अलग-अलग टीमों में बड़े पैमाने पर छंटनी भी कर रही है।

इसके अलावा, रिपोर्ट में नए नथिंग फोन (4b) के परफॉर्मेंस पर भी सवाल उठाए गए और लॉन्च के बाद दुनियाभर में इसकी 20,000 यूनिट्स ही बिकने का दावा किया गया।

जवाब 

कंपनी ने इस पर दिया जवाब 

नथिंग के सह संस्थापक अकिज इवांजेलिडिस ने एक्स पर इन दावों को खारिज कर दिया है।

उन्होंने लिखा, "फेक न्यूज... हम कोई भी मार्केट बंद नहीं कर रहे हैं। गलत खबरें फैलाई जा रही हैं; फोन (4b) ने पहले ही दिन 29,537 यूनिट्स बेचीं और अपनी प्राइस कैटेगरी में रिकॉर्ड तोड़ा।"

उनके अनुसार, कंपनी किसी भी बाजार से बाहर नहीं निकल रही है, बल्कि भविष्य में विकास को बढ़ावा देने के लिए अपने कारोबार को पुनर्गठित कर रही है।

ADVERTISEMENT

छंटनी 

छंटनी की बात कुछ हद तक स्वीकारी 

इवांजेलिडिस ने माना कि पुनर्गठन से कुछ भूमिकाओं पर असर पड़ा है, लेकिन बड़े पैमाने पर छंटनी की खबरों को उन्होंने खारिज कर दिया।

उन्होंने कहा कि रेगुलेटरी जरूरतों और चल रही बातचीत की वजह से कंपनी सटीक आंकड़े नहीं बता सकती, लेकिन जोर देकर कहा कि जो आंकड़े बताए जा रहे हैं, वे बढ़ा-चढ़ाकर बताए गए हैं।

सह संस्थापक ने कहा, "हम मीडिया से अपील करते हैं कि वे सही जानकारी दें और पत्रकारिता की ईमानदारी बनाए रखें।"

ADVERTISEMENT