Page Loader
सेलेना गोमेज हैं बायपोलर डिसऑर्डर से पीड़ित, बोलीं- शायद कभी मां नहीं बन पाऊंगी
बायपोलर डिसऑर्डर से पीड़ित हैं सेलेना गोमेज

सेलेना गोमेज हैं बायपोलर डिसऑर्डर से पीड़ित, बोलीं- शायद कभी मां नहीं बन पाऊंगी

Nov 06, 2022
09:30 am

क्या है खबर?

मशहूर अमेरिकी सिंगर सेलेना गोमेज के चाहनेवाले दुनियाभर में हैं। यूं तो अमूमन वह अपने गानों को लेकर सुर्खियां बटोरती हैं, लेकिन अब वह एक ऐसी वजह से चर्चा में आई हैं, जिससे उनके प्रशंसक चिंतित हो जाएंगे। दरअसल, सेलेना पिछले काफी समय से बायपोलर डिसऑर्डर से जूझ रही हैं। एक हालिया इंटरव्यू में उन्होंने इस पर बात की और बताया कि यह उनके लिए किस हद तक खतरनाक साबित हो सकती है। आइए जानते हैं सेलेना ने क्या कहा।

खुलासा

यूं छलका सेलेना का दर्द

पॉप सिंगर सेलेना ने बताया, "मुझे लगता है कि मैं कभी मां नहीं बन पाऊंगी। कभी बच्चे को जन्म नहीं दे पाऊंगी और ऐसा उन दवाइयों की वजह से होगा, जो मैं अपनी बीमारी बायपोलर डिसऑर्डर को ठीक करने के लिए खा रही हूं।" उन्होंने बताया, "मैं अपना परिवार बढ़ाना चाहूंगी, लेकिन शायद यह मुमकिन ना हो। दवाइयां बच्चे को जन्म देने और बच्चे दोनों के लिए घातक साबित हो सकती हैं। मैं किसी दूसरे माध्यम से मां बनूंगी।"

आहत

..जब कार में बैठकर रोने लगी थीं सेलेना

सेलेना ने उस समय को भी याद किया, जब वह अपनी एक दोस्त से मिलने गई थीं, जो मां बनना चाहती थी और प्रेग्नेंसी के लिए काफी मशक्कत कर रही थी। दोस्त की हालत देख सेलेना बहुत दुखी हो गई थीं। वह अपनी कार में जाकर रोने लगीं और सोचने लगीं कि दवाइयों के कारण वह कभी बच्चे को जन्म नहीं दे पाएंगी। सेलेना ने कहा कि यह उनके लिए जीवन की सबसे बड़ी और अहम चीज है।

बीमारी

दो साल पहले किया था बीमारी का खुलासा

सेलेना के लिए जब तनाव असहनीय हो गया तो 2018 में वह अस्पताल गईं। तभी उन्हें बायपोलर डिसआर्डर के बारे में पता चला। सेलेना ने 2020 में अपनी इस बीमारी का खुलासा किया था। उन्होंने कहा था, "जब मैं छोटी थी तो मुझे बादल गरजने की आवाज सुनकर डर लगता था। मेरी मां बादल गरजने से जुड़ीं किताबें ले आईं और कहा, इस बारे में तुम खुद को जितना जानकार बनाओगी, उतना डर दूर होगा। इसने सचमुच बहुत काम किया।"

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)

बायपोलर डिसऑर्डर एक ऐसी बीमारी है, जिसमें रोगी का दिमाग पल-पल बदलता रहता है। इसमें मरीज कभी बहुत ज्यादा खुश हो जाता है तो कभी बहुत ज्यादा दुखी होता है। इस बीमारी के बढ़ने पर मरीज आत्महत्या करने की कोशिश भी कर सकता है।

दर्द

2014 में हुआ था सेलेना का किडनी ट्रांसप्लांट

सेलेना को 2014 में ल्यूपस बीमारी के कारण हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया था। बाद में उनका किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था। उनकी बेस्ट फ्रेंड ने उन्हें किडनी दी थी। हाल ही में सेलेना की डॉक्युमेंट्री मूवी 'माई माइंड एंड मी' रिलीज हुई, जिसमें सेलेना ने अपने करियर के उतार-चढ़ाव और बायपोलर डिसऑर्डर के साथ जीने के अपने अनुभव पर बात की है और इसी के साथ उन्होंने बताया है कि उनका मानसिक स्वास्थ्य अब पहले से काफी बेहतर है।