Page Loader
सारा अली खान की पिछली 5 पिछली फिल्मों का हाल जानिए, एक भी नहीं हुई फ्लॉप 
यहां देखिए सारा अली खान की पिछली 5 फिल्मों का रिपोर्ट कार्ड (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@saraalikhan95)

सारा अली खान की पिछली 5 पिछली फिल्मों का हाल जानिए, एक भी नहीं हुई फ्लॉप 

Jul 04, 2025
10:04 am

क्या है खबर?

पिछले काफी समय से अभिनेत्री सारा अली खान फिल्म 'मेट्रो... इन दिनों' को लेकर सुर्खियां बटोर रही हैं। उनकी यह फिल्म आखिरकार 4 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। अनुराग बसु के निर्देशन में बनी इस फिल्म को समीक्षकों के साथ-साथ दर्शकों की तरफ से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिल रही है। आइए हम आपको सारा की सिनेमाघरों में आईं पिछली 5 फिल्मों और बॉक्स ऑफिस पर उनके प्रदर्शन के बारे में बताते हैं।

#1

'केदारनाथ' 

सारा ने साल 2018 में आई फिल्म 'केदारनाथ' के जरिए अभिनय की दुनिया में कदम रखा था। इसमें उनकी जोड़ी दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के साथ बनी थी, जिसे काफी पसंद किया गया। अभिषेक कपूर के निर्देशन में बनी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर हिट साबित हुई। 50 करोड़ रुपये में बनी फिल्म 'केदारनाथ' ने दुनियाभर में 96 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। इस फिल्म को आप OTT प्लेटफॉर्म ZEE5 पर देख सकते हैं।

#2

'सिम्बा' 

'केदारनाथ' की सफलता के बाद सारा फिल्म 'सिम्बा' में नजर आई थीं, जिसके निर्देशक रोहित शेट्टी थे। सारा के साथ इस फिल्म में रणवीर सिंह और सोनू सूद ने भी मुख्य भूमिका निभाई है। साल 2018 में आई यह फिल्म बॉक्स ऑफिस सुपरहिट साबित हुई। 'सिम्बा' को बनाने में केवल 90 करोड़ रुपये लगे थे और इस फिल्म ने दुनियाभर में 390 करोड़ रुपये का कारोबार किया। सारा की यह फिल्म भी ZEE5 पर उपलब्ध है।

#3

'लव आज कल' 

साल 2020 में आई सारा की फिल्म 'लव आज कल' को काफी पसंद किया गया था। इसमें उनके जोड़ीदार कार्तिक आर्यन थे, वहीं रणदीप हुड्डा ने भी फिल्म में अहम भूमिका निभाई थी। इम्तियाज अली ने फिल्म के निर्देशन की कमान संभाली थी। सारा की इस फिल्म ने भी बॉक्स ऑफिस पर धुआंधार कमाई की। 50 करोड़ रुपये की लागत में बनी फिल्म 'लव आज कल' ने दुनियाभर में 117.27 करोड़ रुपये जुटाए थे। यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर मौजूद है।

#4

'जरा हटके जरा बचके' 

लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी फिल्म 'जरा हटके जरा बचके' में सारा की जोड़ी पहली बार अभिनेता विक्की कौशल के साथ बनी थी। यह फिल्म 2 जून, 2023 को दर्शकों के बीच आई थी और यह बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई। 'जरा हटके जरा बचके' ने दुनियाभर में 116 करोड़ रुपये का कारोबार किया था, जबकि इस फिल्म का बजट 35 करोड़ रुपये था। जियो हॉटस्टार पर यह फिल्म देखी जा सकती है।

#5

'स्काई फोर्स' 

सारा पिछली बार फिल्म 'स्काई फोर्स' में नजर आई थीं, जिसका निर्देशन संदीप केवलानी और अभिषेक अनिल कपूर ने मिलकर किया था। इस फिल्म में अक्षय कुमार, वीर पहाड़िया और निमरत कौर जैसे कलाकार भी नजर आए थे। यह फिल्म 24 जनवरी, 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और बॉक्स ऑफिस पर इस फिल्म ने ठीक-ठाक कमाई की थी। 'स्काई फोर्स' ने दुनियाभर में 149 करोड़ रुपये कमाए थे। फिल्म को आप अमेजन प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं।