निर्माता संजय गुप्ता रहस्यमय ट्वीट पर बोले- रणबीर की 'रामायण' नहीं था मेरा निशाना
रणबीर कपूर का भगवान राम के किरदार में पहला लुक सामने आने के बाद निर्माता संजय गुप्ता ने एक ट्वीट किया था, जिसमें लिखा था "खोदा पहाड़... निकला चूहा।"
उनके इस ट्वीट के बाद, कई लोगों को लगा कि संजय ने 'रामायण' के टीजर पर निशाना साधा है। हालांकि, संजय ने अब इस मामले में अपनी चुप्पी तोड़ दी है और सब कुछ साफ कर दिया है।
उन्होंने 'हिंदुस्तान टाइम्स' को बताया कि उनका वह ट्वीट फिल्म से जुड़ा हुआ नहीं था और वे 'रामायण' पर कोई भी टिप्पणी नहीं करना चाहते हैं।
रणबीर को राम के रूप में मिल रही खूब सराहना
हनुमान जयंती के मौके पर जारी हुए इस टीजर में रणबीर राम के रूप में नजर आ रहे हैं। इसके शानदार विजुअल्स और किरदारों की डिजाइन को खूब सराहना मिल रही है।
नीतेश तिवारी के निर्देशन में बनी और नमित मल्होत्रा द्वारा निर्मित इस टीजर ने इंटरनेट पर काफी हलचल मचाई है। संजय के ट्वीट के बाद तो लोगों के बीच इसकी चर्चा और भी तेज हो गई।