संजय दत्त की फिल्म 'आखिरी सवाल' का ट्रेलर भव्य कार्यक्रम में होगा जारी, जानिए तारीख
क्या है खबर?
संजय दत्त अपनी आगामी फिल्मों के जरिए दर्शकों का दिल जीतने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। हाल ही में, अभिनेता ने अपनी सुपरहिट फिल्म 'खलनायक' के सीक्वल का ऐलान करते हुए दर्शकों को चौंका दिया। इसके अलावा दर्शक उन्हें फिल्म 'आखिरी सवाल' में देखेंगे जो अगले महीने सिनेमाघरों का रुख करेगी। ताजा अपडेट के मुताबिक, इसके ट्रेलर रिलीज की तारीख भी सामने आ गई है। इसके लिए निर्माताओं ने भव्य कार्यक्रम की तैयारी शुरू कर दी है।
लॉन्च
भव्य कार्यक्रम में लॉन्च होगा ट्रेलर
'आखिरी सवाल' के ऐलान के बाद से ही दर्शक फिल्म को लेकर काफी ज्यादा उत्साहित हैं। निर्माताओं ने हनुमान जयंती पर इसका टीजर जारी किया था, जिसमें विश्व के सबसे बड़े स्वयंसेवी संगठन, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के इतिहास की एक अनूठी झलक दिखाई गई। अब, फिल्म निर्माता ट्रेलर रिलीज की तैयारी कर रहे हैं जो 30 अप्रैल को जारी होगा। इसे पूरी कास्ट और क्रू की मौजूदगी में एक भव्य कार्यक्रम के तहत लॉन्च किया जाएगा।
फिल्म
RSS के 100 साल का इतिहास को दिखाएगी फिल्म
राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिजीत मोहन वारंग द्वारा निर्देशित यह फिल्म RSS के 100 साल का इतिहास को दिखाएगी। इसमें महात्मा गांधी की हत्या से लेकर बाबरी मस्जिद विध्वंस जैसे गंभीर मुद्दों को उठाया गया है। यह ऐतिहासिक घटनाओं के पीछे छिपी परतों को दर्शकों के सामने पेश करेगी। फिल्म का निर्माण 'निखिल नंदा मोशन पिक्चर्स' के बैनर तले किया गया है। इसमें नमाशी चक्रवर्ती, अमित साध और समीरा रेड्डी जैसे सितारे हैं। यह 8 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।