निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा ने पुष्टि की है कि उनकी फिल्म 'स्पिरिट' का काम पूरा होते ही वो 'एनिमल पार्क' पर काम शुरू करेंगे। ये साल 2023 में आई फिल्म 'एनिमल' का सीक्वल होगी। इसमें रणबीर कपूर एक बार फिर रणविजय सिंह के किरदार में नजर आएंगे। साथ ही वो अजीज का किरदार भी निभाएंगे। फिल्म की कहानी 2 हमशक्ल भाइयों रणविजय और अजीज के बीच टक्कर पर आधारित होगी। इसकी शूटिंग साल 2027 के मध्य में शुरू होने की उम्मीद है।
'एनिमल' के बाद अब 'एनिमल पार्क' की बारी
फिल्म 'एनिमल' ने अपने जबरदस्त एक्शन और कहानी से खूब चर्चा बटोरी थी। इसमें रश्मिका मंदाना, तृप्ति डिमरी, बॉबी देओल और अनिल कपूर जैसे कलाकार नजर आए थे। फिल्म के अंत में अजीज के किरदार का खुलासा हुआ था, जिससे इसके सीक्वल की कहानी का संकेत मिल गया था। अब निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा ने 'एनिमल पार्क' बनने की पुष्टि कर दी है। हालांकि, 'एनिमल पार्क' की कहानी और बाकी कलाकारों को लेकर अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है।