LOADING...
संचिता उगले मामले में नया मोड़, सहेली का दावा- उज्जवल ने मारने की दी थी धमकी
संचिता उगले मामले में नया खुलासा

संचिता उगले मामले में नया मोड़, सहेली का दावा- उज्जवल ने मारने की दी थी धमकी

Jun 16, 2026
03:33 pm

क्या है खबर?

संचिता उगले की मौत मामले में एक नया खुलासा हुआ है। उनकी दोस्त और अभिनेत्री इंद्राक्षी कांजीलाल ने दावा किया है कि संचिता को उनके शो 'साजन घर' के सह-कलाकार उज्जवल शर्मा ने मानसिक तौर पर परेशान कर रखा था। उन्होंने आरोप लगाया कि वित्तीय विवाद के चलते संचिता और उज्जवल के बीच तनाव था। इंद्राक्षी ने उन दावों को खारिज किया जिनमें कहा गया था कि अभिनेत्री अपने पुराने रिश्ते की वजह से मुश्किल दौर से गुजर रही थीं।

खुलासा

उज्जवल ने संचिता को किया था बेइज्जत

टेलीचक्कर से बातचीत में, इंद्राक्षी ने कहा, "उज्जवल ने शायद संचिता से पैसे उधार लिए थे। बाद में उसके साथ बदतमीजी की। जब उसने पैसे वापस करने की बात कही तो वह भड़क गए। उन्होंने संचिता को बेइज्जत किया और यहां तक कि मारने की धमकी भी दी। मेरे पास उनकी बातचीत के स्क्रीनशॉट हैं, जिनमें उन्होंने गलत भाषा का इस्तेमाल किया और संचिता का अपमान किया।" उन्होंने दावा किया कि उज्जवल, संचिता को मानसिक रूप से परेशान करते थे।

शिकायत

शो छोड़ना चाहती थीं संचिता

इंद्राक्षी ने आगे बताया कि दिवंगत अभिनेत्री ने इसकी शिकायत शो के हेड से की थी, लेकिन उन्हें समझ आ गया था कि कुछ बदलने वाला नहीं है। इसके बाद उन्होंने शो छोड़ने का फैसला किया था। फिलहाल इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। बता दें, संचिता 14 जून को मुंबई के नालासोपारा स्थित अपने आवास पर मृत पाई गई थीं। खबरों के अनुसार, उन्होंने कथित तौर पर पंखे से फंदा लगाकार आत्महत्या कर ली थी।

Advertisement