Loading...
समय रैना के नाम बड़ी उपलब्धि, दुनिया का कोई यूट्यूबर आज तक नहीं कर पाया ऐसा
समय रैना ने बनाया ग्लोबल रिकॉर्ड

समय रैना के नाम बड़ी उपलब्धि, दुनिया का कोई यूट्यूबर आज तक नहीं कर पाया ऐसा

Nov 27, 2026
09:16 am

क्या है खबर?

स्टैंडअप कॉमेडियन समय रैना ने यूट्यूब पर एक ऐसा कीर्तिमान रचा है, जिसे दुनिया का कोई भी क्रिएटर आज तक हासिल नहीं कर सका है। यूट्यूब ने पुष्टि की है कि समय पहले ऐसे यूट्यूबर बन गए हैं, जिनके चैनल के 10 लाख सदस्य हो गए हैं। ये उपलब्धि उनके लिए बेहद खास है, क्योंकि पिछले कुछ साल उनके लिए काफी मुश्किल रहे हैं। साल 2025 में 'इंडियाज गॉट लेटेंट' को लेकर हुए विवाद ने उनकी मुश्किलें बढ़ा दी थीं।

उपलब्धि

समय रैना के कंटेंट का मुरीद हुआ यूट्यूब

यूट्यूब ने गूगल इंडिया ब्लॉग पर एक पोस्ट के जरिए इस उपलब्धि की घोषणा की और बताया कि कैसे रैना ने अपने कंटेंट के इर्द-गिर्द एक मजबूत कम्युनिटी तैयार की है। शतरंज से जुड़े उनके वीडियो और ग्रैंडमास्टर्स के साथ मजेदार बातचीत से लेकर 'इंडियाज गॉट लेटेंट' को एक लोकप्रिय ऑनलाइन शो बनाने तक, प्लेटफॉर्म ने उन्हें इसका श्रेय दिया कि उन्होंने अपने चैनल को ऐसी जगह में बदल दिया जहां फैंस उनके काम से सक्रिय रूप से जुड़ते हैं।

जुड़ाव

समय रैना के लिए पैसे खर्च करने को तैयार फैंस

यूट्यूब के मुताबिक, समय रैना ने अपने कंटेंट के जरिए लाखों लोगों को एक साथ जोड़ा है और उनका चैनल फैंस के लिए खास जगह बन गया है।

ये उपलब्धि भारतीय दर्शकों के बीच बढ़ते उस रुझान को भी दिखाती है, जहां लोग अपने पसंदीदा क्रिएटर्स के एक्सक्लूसिव कंटेंट के लिए पैसे खर्च करने को तैयार हैं। इससे यूट्यूब पर पेड मेंबरशिप की बढ़ती लोकप्रियता का भी पता चलता है।

ADVERTISEMENT

प्लान

समय ने प्रशंसकों के लिए रखे हैं 3 खास प्लान

यूट्यूब के मुताबिक, सिर्फ जून 2026 में भारत में 12 लाख से ज़्यादा फैंस ने कम से कम एक चैनल सदस्यता ली और भारतीय क्रिएटर्स की कमाई में सालाना आधार पर 25 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ोतरी हुई।

रैना के चैनल पर फैंस के लिए तीन पेड प्लान हैं 'समय के दोस्त' (59/महीना), 'समय के खास' (599/महीना) और 'साइलेंट सपोर्टर' (1,999/महीना)। 10 लाख मेंबर्स का आंकड़ा दर्शकों के इस बड़े समर्थन को दिखाता है।

ADVERTISEMENT

दमदार वापसी

मुश्किल दौर के बाद समय रैना की बड़ी उपलब्धि

'इंडियाज गॉट लेटेंट' विवाद के बाद रैना के यूट्यूब चैनल ने जो कुछ झेला, उसे देखते हुए ये उपलब्धि उनके लिए और भी खास है।

फरवरी 2025 में एक एपिसोड के दौरान यूट्यूबर और पॉडकास्टर रणवीर अल्लाहबादिया के एक जोक पर भारी विरोध के बाद ये विवाद शुरू हुआ था।

मामला इतना ज्यादा बढ़ गया और अल्लाहबादिया, रैना व शो में आए अन्य मेहमानों के खिलाफ कई FIR दर्ज हुईं। हालांकि, बाद में पैनलिस्ट्स ने माफी मांग ली थी।

मुश्किल समय

मुश्किल दौर में समय रैना को चैटGPT ने दिया सहारा

रैना ने अपने यूट्यूब चैनल से 'इंडियाज गॉट लेटेंट' के सभी एपिसोड हटा दिए थे, लेकिन वो ज्यादा समय तक दूर नहीं रहे।

'स्टिल अलाइव' स्टैंड-अप स्पेशल से वापसी करने के बाद उन्होंने 2026 में नेटफ्लिक्स के साथ शो का दूसरा सीजन पेश किया। ये वापसी आसान नहीं थी।

दूसरे सीज़न के फिनाले में रैना ने बताया कि वो दौर कितना कठिन था और शो की वापसी को लेकर भरोसा पाने के लिए उन्होंने चैटGPT का सहारा भी लिया था।

ADVERTISEMENT