'बैटल ऑफ गलवान' में देरी के बीच चांस पर डांस करेंगे सलमान खान, शुरू की तैयारी
क्या है खबर?
सलमान खान ईद के मौके पर अपने फैंस को ईदी देना नहीं भूलते हैं। 2025 में आई फिल्म 'सिकंदर' की असफलता के बाद सबकी नजरें उनकी आगामी बहुप्रतीक्षित फिल्म 'बैटल ऑफ गलवान' पर टिकी हुई हैं। भाईजान भी कोई रिस्क नहीं लेना चाहते, इसलिए शूटिंग पूरी न होने और तकनीकी मंजूरी में देरी के कारण फिल्म की रिलीज टलती दिख रही है। इस बीच, सलमान फिल्म के लिए खास डांस करने वाले हैं जिसकी तैयारी शुरू हो चुकी है।
मौका
फिल्म रिलीज स्थगित होने के बीच सलमान खान ने शुरू की डांस नंबर की तैयारी
मिड-डे की रिपोर्ट के मुताबिक, 'बैटल ऑफ गलवान' के लिए एक डांस नंबर की शूटिंग शुरू कर दी गई है, जिसे शबीना खान कोरियोग्राफ कर रही हैं। एक अंदरूनी सूत्र ने बताया, "यह एक उत्सव गीत है। यूनिट फिलहाल गोराई में शूटिंग कर रही है, जिसके बाद वे विले पार्ले के गोल्डन टोबैको में बने सेट पर चले जाएंगे।" 12 फरवरी तक गाने की शूटिंग पूरी होने के बाद, फिल्म में सिर्फ 2 हफ्ते की शूटिंग बाकी रह जाएगी।
रिलीज
अप्रैल से अगस्त में खिसक सकती है रिलीज
फिल्म की रिलीज 17 अप्रैल टलने की खबर पर सूत्र ने बताया, "यह सब अटकलें हैं जो इस बात से उपजी हैं कि फिल्म को रक्षा मंत्रालय से मंजूरी की जरूरत हो सकती है। निर्माता ईद पर फिल्म रिलीज करने का लक्ष्य बना रहे हैं। अगर वे ऐसा नहीं कर पाते हैं, तो इसे स्वतंत्रता दिवस पर रिलीज करने की योजना बनेगी।" बता दें, फिल्म का निर्देशन अपूर्वा लाखिया कर रहे हैं। यह गलवान घाटी के संघर्ष पर आधारित है।