LOADING...
'बैटल ऑफ गलवान' की टीम को सलमान खान की सख्त हिदायत- देरी मंजूर, पर समझौता नहीं
'बैटल ऑफ गलवान' की रिलीज टली (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@salmankhanfanclub)

'बैटल ऑफ गलवान' की टीम को सलमान खान की सख्त हिदायत- देरी मंजूर, पर समझौता नहीं

Feb 08, 2026
02:14 pm

क्या है खबर?

सलमान खान की फिल्म 'बैटल ऑफ गलवान' के फैंस के लिए बुरी खबर है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये फिल्म अपनी तय तारीख 17 अप्रैल को रिलीज नहीं हो पाएगी। बताया जा रहा है कि शूटिंग पूरी न होने और तकनीकी मंजूरी में देरी के कारण फिल्म की रिलीज को आगे बढ़ाया जा सकता है। दरअसल, सलमान इस बड़े प्रोजेक्ट के साथ कोई जोखिम नहीं उठाना चाहते, इसलिए फिल्म अब अनिश्चितकाल के लिए टलती नजर आ रही है।

शूटिंग

फरवरी के अंत तक खिंचेगी 'बैटल ऑफ गलवान' की शूटिंग

बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक, 'बैटल ऑफ गलवान' की रिलीज 17 अप्रैल को तय है, लेकिन इसकी शूटिंग अभी पूरी नहीं हुई है। फिल्म के कुछ हिस्सों को दोबारा शूट करने में उम्मीद से ज्यादा समय लग रहा है। मुंबई की गोल्डन टोबैको फैक्ट्री में 9 फरवरी से एक हफ्ते का नया शेड्यूल शुरू होने वाला है, जिसके बाद भी कुछ दिनों की शूटिंग बाकी रहेगी। लिहाजा फरवरी के अंत तक फिल्म की शूटिंग पूरी तरह खत्म हो पाएगी।

तैयारी

देशभक्ति के जज्बे से समझौता नहीं चाहते सलमान

फिल्म के टलने की पहली बड़ी वजह एडिटिंग और रीशूट है। निर्देशक अपूर्वा लाखिया को नए शूट किए गए हिस्सों की एडिटिंग में समय लगेगा। दूसरी बड़ी वजह कानूनी प्रक्रिया है। दरअसल, नियमों के मुताबिक, 'बैटल ऑफ गलवान' को रिलीज से पहले रक्षा मंत्रालय को दिखाना अनिवार्य है, जिसमें काफी समय लग सकता है। सलमान चाहते हैं कि देशभक्ति पर बनी ये फिल्म बिना जल्दबाजी के पूरी तैयारी के साथ रिलीज हो, ताकि दर्शकों को एक बेहतरीन अनुभव मिल सके।

Advertisement

निर्देश

खराब कंटेंट नहीं चलेगा- सलमान

कुल मिलाकर सलमान जल्दबाजी के बजाय फिल्म की क्वालिटी पर पूरा जोर दे रहे हैं। उनके लिए रिलीज तारीख से ज्यादा कंटेंट और स्तर मायने रखता है, इसलिए उन्होंने साफ कर दिया है कि उन्हें देरी मंजूर है, लेकिन कंटेंट से कोई समझौता नहीं। यही वजह है कि अब 17 अप्रैल तक फिल्म का तैयार होना मुश्किल लग रहा है। सलमान ने अपनी टीम को निर्देश दिए हैं कि वो बेहतरीन सिनेमाई अनुभव देने के लिए पूरा समय लें।

Advertisement

निर्णय

रिलीज टलेगी या नहीं? अगले कुछ दिनों में फैसला

सूत्रों के मुताबिक, सलमान और निर्देशक अपूर्वा लाखिया फिल्म को आगे बढ़ाने पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं, लेकिन अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है। अगले कुछ दिनों में स्थिति साफ होने की उम्मीद है। इस फिल्म में सलमान के साथ चित्रांगदा सिंह मुख्य भूमिका में हैं। इसमें सलमान कर्नल संतोष बाबू का दमदार किरदार निभा रहे हैं। ये फिल्म 15 जून 2020 को गलवान घाटी में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुई ऐतिहासिक झड़प से प्रेरित है।

Advertisement