सलमान खान का रियल एस्टेट में बड़ा सौदा, 2.88 करोड़ में खरीदा अपार्टमेंट 3.5 करोड़ में बेचा
अभिनेता सलमान खान ने मुंबई के सबसे रिहायशी और लोकप्रिय इलाकों में से एक बांद्रा वेस्ट में स्थित अपनी एक प्रॉपर्टी को बेच दिया है। उन्होंने 'शिव-अस्थान हाइट्स' इमारत में स्थित अपने 758 स्क्वायर फुट के अपार्टमेंट को 3.5 करोड़ रुपये की कीमत में बेचा है। रियल एस्टेट रिकॉर्ड्स के मुताबिक, सलमान ने ये फ्लैट साल 2015 में 2.88 करोड़ रुपये में खरीदा था। इस बड़ी प्रॉपर्टी डील की कागजी कार्रवाई पूरी हो चुकी है और इसे 9 जुलाई 2026 को आधिकारिक तौर पर पंजीकृत भी कर दिया गया है। इस बिक्री को रियल एस्टेट बाजार में एक अहम लेन-देन के रूप में देखा जा रहा है।
बांद्रा में सलमान की रियल एस्टेट में सक्रियता
इस प्रॉपर्टी के खरीदारों ने लगभग 46,000 रुपये प्रति स्क्वायर फुट के हिसाब से भुगतान किया है। इसके अलावा इस सौदे को पूरा करने के लिए 21 लाख रुपये की स्टैम्प ड्यूटी और 30,000 रुपये की पंजीकरण फीस भी दी गई।
बता दें कि रियल एस्टेट बाजार में सलमान काफी सक्रिय रहते हैं। इससे पहले भी उन्होंने बांद्रा स्थित अपना एक अन्य अपार्टमेंट 5.35 करोड़ रुपये में बेचा था। इसके साथ ही उन्हें बांद्रा में स्थित अपने मशहूर 'गैलेक्सी अपार्टमेंट्स' वाले घर के पास एक भव्य रिहायशी टावर बनाने की आधिकारिक मंज़ूरी भी मिल चुकी है। बांद्रा वेस्ट आज भी बॉलीवुड सितारों की पहली पसंद बना हुआ है, जहां शाहरुख खान और रेखा जैसे कई दिग्गजों के घर मौजूद हैं।