Page Loader
सलमान खान की 'सिकंदर' से प्रभास की 'राजा साब' तक, त्योहारों पर रिलीज होंगी ये फिल्में
त्योहारों पर रिलीज होंगी सलमान खान की 'सिकंदर' समेत ये फिल्में

सलमान खान की 'सिकंदर' से प्रभास की 'राजा साब' तक, त्योहारों पर रिलीज होंगी ये फिल्में

Jan 03, 2025
07:27 am

क्या है खबर?

साल 2025 का आगाज हो चुका है। बीते साल कई ऐसी फिल्में रिलीज हुईं, जिन्हें लोगों का भरपूर प्यार मिला। अब साल 2025 और 2026 में भी कई बड़ी फिल्में रिलीज होने के लिए तैयार हैं। ये वो फिल्में हैं, जिन्हें लेकर दर्शक कुछ ज्यादा ही उत्साहित हैं और ये त्योहारों के मौके पर सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली हैं। सलमान खान की 'सिकंदर' समेत कई सितारों की फिल्में इस फेहरिस्त में शामिल हैं। आइए उनके बारे में जानें।

#1 और #2

'स्काई फोर्स' और 'गेम चेंजर'

अक्षय कुमार इस साल जनवरी में 'स्काई फोर्स' लेकर आ रहे हैं। इसमें उनके साथ सारा अली खान नजर आएंगी। यह फिल्म गणतंत्र दिवस के मौके पर 24 जनवरी, 2025 को सिनेमाघरों का दरवाजा खटखटाएगी। उधर 10 जनवरी को मकर सक्रांति के अवसर पर राम चरण 'गेम चेंजर' लेकर सिनेमाघरों में आएंगे। इस फिल्म में उनके साथ कियारा आडवाणी नजर आएंगी। ब्लॉकबस्टर फिल्म 'RRR' के बाद से ही फैंस राम चरण को दोबारा पर्दे पर देखने के लिए बेताब हैं।

#3 और #4

'सिकंदर' और 'द राजा साब'

सलमान की फिल्म 'सिकंदर' की राह उनके प्रशंसक बड़ी बेसब्री से देख रहे हैं। फिल्म का टीजर दर्शकों को बेहद पसंद आया है। रिलीज के 24 घंटे में इस टीजर को 4.8 करोड़ बार देखा गया था। फिल्म में सलमान की जोड़ी रश्मिका मंदाना के साथ बनी है। सिकंदर को ईद-उल-फितर के मौके पर 30 मार्च को रिलीज किया जाएगा। उधर प्रभास महावीर जयंती के दिन यानी 10 अप्रैल को 'द राजा साब' दर्शकों के बीच पेश करने वाले हैं।

#5 और #6

'वॉर 2' और 'द दिल्ली फाइल्स'

स्वतंत्रता दिवस के खास मौके पर फिल्म 'वॉर 2' और 'द दिल्ली फाइल्स' सिनेमाघरों में आएंगी। 'वॉर 2' को अयान मुखर्जी ने निर्देशित किया है। इसमें ऋतिक रोशन और जूनियर एनटीआर एक्शन करते हुए नजर आएंगे। एनटीआर इस फिल्म से बॉलीवुड में कदम रख रहे हैं। यह फिल्म 14 अगस्त को रिलीज होगी। उधर फिल्म 'द दिल्ली फाइल्स' के निर्देशक विवेक अग्निहोत्री हैं। इसमें अनुपम खेर अहम किरदार में दिखेंगे। यह फिल्म 15 अगस्त को रिलीज होने वाली है।

#7 और #8

'रामायण' और 'थामा'

अगले साल दिवाली के मौके पर रणबीर कपूर फिल्म 'रामायण' लेकर आ रहे हैं, जिसका निर्देशन नितेश तिवारी ने किया है। फिल्म में उनके साथ साउथ की अभिनेत्री साई पल्लवी नजर आएंगी। इसमें रणबीर भगवान राम तो साई माता सीता की भूमिका निभाने वाली हैं। उधर आयुष्मान खुराना और नवाजुद्दीन सिद्दीकी जैसे कलाकार इस साल दिवाली पर नई फिल्म 'थामा' लेकर आ रहे हैं। इस साज दिवाली पर वरुण धवन की डेविड धवन निर्देशित एक फिल्म भी रिलीज होगी।

जानकारी

ये फिल्में भी हैं कतार में

'कांतार चैप्टर वन' गांधी जयंती यानी 2 अक्टूबर को, 6 जून को ईद-उल-अदहा पर 'हाउसफुल 5' तो होली पर अक्षय कुमार और आर माधवन की 'शंकरा' आ रही है। 14 फरवरी को 'छावा' तो क्रिसमस, 2025 में आलिया भट्ट की 'अल्फा' रिलीज हो रही है।