'काला हिरण' फिल्म के खिलाफ सलमान खान का सख्त कदम, निर्माताओं को भेजा कानूनी नोटिस
क्या है खबर?
फिल्म निर्माता अमित जानी ने 'काला हिरण: द बैटल फॉर लेगेसी' का ऐलान 29 मई को किया था। साथ में फिल्म का पहला पोस्टर भी सामने आया। अब सलमान खान की ओर से DSK लीगल द्वारा कास्टिंग डायरेक्टर अक्षय पांडे को कानूनी नोटिस जारी किया गया है। साथ ही फिल्म के निर्माण और प्रचार को तत्काल रोकने की मांग की गई है। नोटिस में आरोप लगाया गया है कि यह फिल्म अभिनेता के 'काला हिरण शिकार' मामले से प्रेरित है।
दावा
सलमान खान की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का दावा
नोटिस में आरोप लगाया गया है कि 'काला हिरण' फिल्म सलमान की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा सकती है। यह न्यायिक कार्यवाही में हस्तक्षेप कर सकती है और उनके व्यक्तित्व अधिकारों का उल्लंघन कर सकती है। नोटिस के अनुसार, सलमान की कानूनी टीम को पता चला है कि अक्षय कथित तौर पर अभिनेताओं से संपर्क करके फिल्म की कहानी और किरदारों के संक्षिप्त विवरण जैसी सामग्री प्रसारित कर रहे थे, यह जताते हुए कि कहानी सलमान के मामले से प्रेरित है।
चेतावनी
निर्माताओं से लिखित माफी मांगने की मांग
नोटिस में तर्क दिया गया कि 'काला हिरण शिकार' मामला अभी भी राजस्थान हाई कोर्ट में लंबित है। इसपर आधारित फिल्म बनाना न्याय प्रशासन में हस्तक्षेप हो सकता है। DSK लीगल ने नोटिस के जरिए अक्षय और सभी संबंधित पक्षों से फिल्म निर्माण पर तत्काल रोक और बिना शर्त लिखित माफी मांगने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि 24 घंटे के अंदर फिल्म का काम नहीं रोका, तो उनके खिलाफ कोर्ट में बड़ा केस दर्ज होगा।