सलमान खान के 'काला हिरण मामले' पर फिल्म, लॉरेंस बिश्नोई संग दुश्मनी भी आएगी पर्दे पर
क्या है खबर?
सलमान खान के साल 1998 के चर्चित काले हिरण शिकार मामले और उससे जुड़े विवादों पर अब एक फिल्म बनने जा रही है। ये फिल्म सलमान खान की गिरफ्तारी, उनके जोधपुर जेल में बिताए गए समय और इस पूरे मामले से जुड़े कानूनी व सामाजिक विवाद को पर्दे पर दिखाएगी। कहानी की पृष्ठभूमि साल 1998 में फिल्म 'हम साथ-साथ हैं' की शूटिंग के दौरान जोधपुर (राजस्थान) में हुई घटना पर आधारित है।
फिल्म
बड़े पर्दे पर दिखेगी सलमान के 'काला हिरन' केस की पूरी कहानी
सलमान से जुड़े काले हिरण शिकार मामले पर आधारित आगामी फिल्म 'काला हिरण' का पहला पोस्टर रिलीज कर दिया गया है। कोर्टरूम ड्रामा और अपराध थ्रिलर जैसी शैलियों को समेटे हुए ये फिल्म सलमान और कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के बीच की मशहूर दुश्मनी को सिनेमाई पर्दे पर पेश करेगी।े फिल्म की शूटिंग उत्तर प्रदेश के कई शहरों में की गई है। इस फिल्म में बिश्नोई समाज के कड़े विरोध और उनकी भावनाओं को भी प्रमुखता से दिखाया जाएगा।
घटनाक्रम
जेल की सजा से लॉरेंस बिश्नोई की दुश्मनी तक, सबकुछ दिखेगा
फिल्म के बारे में बात करते हुए निर्माता अमित जानी ने कहा, "साल 1998 में जोधपुर के काकानी गांव में सलमान द्वारा काले हिरण के शिकार के मामले से लेकर, कोर्टरूम का ड्रामा, अपराध, थ्रिलर और लॉरेंस बिश्नोई व सलमान के बीच की दुश्मनी, इस पूरे के पूरे घटनाक्रम को एक फिल्म के रूप में फिल्माया गया है। सलमान की गिरफ्तारी और उन्हें मिली सजा को भी इस फिल्म में दिखाया गया है।"
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए पोस्टर
Jani Firefox Films Unveils the Gripping First Look Poster of "Kala Hiran: The Battle for Legacy" Highly Anticipated Teaser Set to Drop on June 20
— Amit Jani (@AmitJaniIND) May 29, 2026
Jani Firefox Media Private Limited has officially released the intense first-look poster for its upcoming high-octane crime drama,… pic.twitter.com/yH8GH2rt28
टीजर
कब आएगा फिल्म का टीजर?
निर्माता बोले, "इसके पोस्टर का लोगों को बेसब्री से इंतजार था। लोग काफी समय से सलमान खान, लॉरेंस बिश्नोई और हिरण शिकार मामले के इर्द-गिर्द बुनी गई एक सिनेमाई कहानी का इंतजार कर रहे थे। आगामी 20 जून को हम इसका टीजर रिलीज करने वाले हैं।" बता दें कि लॉरेंस बिश्नोई काले हिरण के अवैध शिकार का बदला लेने के लिए सलमान के पीछे पड़ा हुआ है, क्योंकि बिश्नोई समाज में काले हिरण को बेहद पवित्र (पूजनीय) माना जाता है।
वार
सलमान को घुटनों पर लाने के लिए करीबियों को भी निशाना बना रहा बिश्नोई गैंग
बिश्नोई अब उन लोगों को भी निशाना बना रहा है, जो सलमान के करीबी हैं। अक्टूबर, 2024 में, सलमान के बेहद अजीज दोस्त और राजनेता बाबा सिद्दीकी की मुंबई के बांद्रा इलाके में उनके घर के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने इस राजनेता पर हुए हमले की जिम्मेदारी ली थी। बिश्नोई गैंग सलमान पर भी हमला करवा चुका है, जिसमें उनके मुंबई स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट वाले घर पर हुई फायरिंग भी शामिल है।