Page Loader
सलमान खान क्यों नहीं कर रहे शादी? कपिल शर्मा के शो में बताई सबसे बड़ी वजह
सलमान खान इन खतरनाक बीमारियों से पीड़ित

सलमान खान क्यों नहीं कर रहे शादी? कपिल शर्मा के शो में बताई सबसे बड़ी वजह

Jun 22, 2025
11:54 am

क्या है खबर?

सलमान खान शादी कब करेंगे? ये वो सवाल है, जिसका जवाब पूरा देश जानना चाहता है, लेकिन 59 साल के सलमान के प्रशंसक अपने दिल को मना चुके हैं कि शायद उनका ये सपना कभी पूरा नहीं होगा। संगीता बिजलानी से लेकर ऐश्वर्या राय और कैटरीना कैफ तक न जाने कितनी अभिनेत्रियों संग उनका नाम जुड़ चुका है, लेकिन किसी के भी साथ उनका रिश्ता शादी के मुकाम तक नहीं पहुंचा। हाल ही में सलमान ने इस पर बात की।

खुलासा

मेरी जिंदगी में कोई नहीं है- सलमान

दरअसल, हाल ही में सलमान 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' का हिस्सा बने थे। उनसे पूछा गया कि क्या उनके जीवन में कोई लड़की है तो वह बोले, "मेरी जिंदगी में कोई नहीं है और ईमानदारी से कहूं तो मेरे पास इतना धैर्य नहीं है कि इतने त्याग करूं और पति-पत्नी के झगड़ों को झेलूं। मैं उस मुकाम पर हूं, जहां मुझे अपनी जगह पसंद है, जिसे किसी के साथ साझा नहीं करना चाहता।"

समस्याएं

कई बीमारियों से जूझ रहे सलमान

सलमान ने बताया कि उन्हें कई बीमारिया हैं। अभिनेता बोले, "मैं रोज हड्डियां तोड़ रहा हूं, पसलियां टूट चुकी हैं, ट्राइजेमिनल न्यूराल्जिया के साथ काम कर रहा हूं, दिमाग में एन्यूरिज्म है, फिर भी काम कर रहा हूं। AV मालफॉर्मेशन भी है, इसके बावजूद मैं चल रहा हूं। डांस कर रहा हूं। सब चल रहा है। अगर शादी करके अपना मूड सटका तो वो हमारा आधा लेकर चली जाएंगी। छोटी उम्र में होता तो फिर कमा लेते है, लेकिन अब...।"

बीमारी

...जब सलमान को आते थे आत्महत्या के ख्याल

सलमान साल 2011 में ऐसी बीमारी के शिकार हो गए थे, जिसमें उन्हें आत्महत्या करने के ख्याल आते थे। उन्होंने अपनी इस बीमारी के बारे में फिल्म 'ट्यूबलाइट' के प्रमोशन के दौरान खुलासा किया था। सलमान ने बताया था उन्हें ट्राइजेमिनल न्यूरालजिया नाम की गंभीर बीमारी थी। इस बीमारी में उन्हें चेहरे की नसों पर असहनीय दर्द होता था। इसके बारे में पता चलने के बाद सलमान अमेरिका चले गए थे और वहां जाकर सर्जरी कराई थी।

खतरा

ब्रेन एन्यूरिज्म और AV मालफॉर्मेशन क्या है?

ब्रेन एन्यूरिज्म में दिमाग की नस में एक कमजोर हिस्से में गुब्बारे जैसी सूजन होती है। अगर यह फट जाए तो दिमाग में खून का रिसाव हो सकता है, जो जानलेवा हो सकता है। सलमान को इसका पता तब चला, जब वह ट्राइजेमिनल न्यूराल्जिया के इलाज के लिए अमेरिका गए थे। उधर AV मालफॉर्मेशन में दिमाग या रीढ़ की हड्डी में नसें असामान्य तरीके से जुड़ी होती हैं। इससे खून का बहाव और ऑक्सीजन की सप्लाई बाधित हो सकती है