LOADING...
गोविंद नामदेव ने छोड़ी 'काला हिरण', बोले- मैं सलमान खान के खिलाफ कभी नहीं जा सकता
सलमान खान के खिलाफ नहीं जा सकते गोविंद नामदेव

गोविंद नामदेव ने छोड़ी 'काला हिरण', बोले- मैं सलमान खान के खिलाफ कभी नहीं जा सकता

Jun 12, 2026
08:11 pm

क्या है खबर?

सलमान खान के विवाद पर बनी फिल्म 'काला हिरण' को लेकर विवाद जारी है। अब फिल्म के अभिनेता गोविंद नामदेव ने निर्माताओं पर 'धोखा देने' का गंभीर आरोप लगाकर इस विवाद को नया मोड़ दे दिया है। एक हालिया बातचीत में अभिनेता ने दावा किया कि निर्माताओं ने उन्हें पूरी सच्चाई बताए बिना अंधेरे में रखकर शूटिंग कराई और ट्रेलर देखने के बाद उन्हें अहसास हुआ कि उनके साथ धोखा हुआ है।

दावा

"जैसे ही टीजर देखा, मैं हिल गया..."

गोविंद ने अमर उजाला से बातचीत में दावा किया कि निर्माताओं ने उनके साथ धोखाधड़ी की। जब फिल्म का टीजर आया, तब जाकर उन्हें अहसास हुआ कि उनके साथ धोखा हुआ है और उनका इस्तेमाल किया गया है। वो बोले, "जैसे ही मैंने टीजर देखा, मैं हिल गया। तुरंत समझ आ गया कि मुझे जिस काम के लिए शूट कराया गया था, मामला उससे बिल्कुल अलग है। मुझे जो बताया गया और जो बनाया गया, उसमें जमीन-आसमान का फर्क है।"

सच्चाई

सच पता होता तो पहले ही मना कर देता- गोविंद

गोविंद ने कहा कि वो और सलमान खान एक ही फिल्म इंडस्ट्री से हैं और सलमान उनके अच्छे दोस्त हैं। उन्होंने साफ किया कि वह कभी भी उनके खिलाफ जाकर कोई काम नहीं कर सकते। गोविंद ने अफसोस जताते हुए कहा कि अगर उन्हें पहले से पता होता कि फिल्म को इस तरह सलमान के खिलाफ या विवादित रूप में पेश किया जाएगा, तो वह इसे तुरंत मना कर देते और कभी इस फिल्म को साइन ही नहीं करते।

Advertisement

धोखाधड़ी

गोविंद बोले- पहले सुनाई भगवान कल्कि की कहानी, फिर बना दी 'काला हिरण'

गोविंद ने बताया कि निर्माताओं ने पहले उन्हें 'संभल' नाम की फिल्म बताकर शूटिंग पर बुलाया, जिसकी कहानी भगवान कल्कि और धार्मिक इतिहास पर आधारित थी। बाद में पासा पलटते हुए कहा कि वे 'काला हिरण' नाम की फिल्म भी बना रहे हैं, जिसमें केवल सलमान के कोर्ट केस की असली कानूनी कार्रवाई दिखाई जाएगी। कोर्ट रिकॉर्ड में दर्ज बातों को सच मानकर गोविंद ने फिल्म के लिए हां कह दी, लेकिन बाद में कहानी पूरी तरह बदल दी गई।

Advertisement

दो टूक

"मैं बिश्नोई गैंग जैसी अपराधी सोच को आदर्श नहीं मान सकता"

गोविंद बोले, "मुझसे कहा गया कि आप ये कर दीजिए, दोबारा अदालत का सेट लगाने में बहुत पैसा खर्च होगा। मैंने भरोसा करके काम कर दिया। लगा मदद हो जाएगी, लेकिन अब टीजर देख लग रहा है कि उसी भरोसे का गलत फायदा उठाया गया। महसूस हो रहा है कि मेरे भरोसे के साथ खेल हुआ है। मेरे साथ गलत हुआ है। मैं किसी अपराधी सोच के साथ खड़ा नहीं हो सकता। ना ही बिश्नोई गैंग को आदर्श मान सकता।"

फैसला

फिल्म 'काला हिरण' से अलग हुए गोविंद

गोविंद ने कहा कि उनकी कुछ शूटिंग बाकी थी, जिसमें गांव के दृश्य और हिरण से जुड़ी भावनात्मक कहानी दिखानी थी, लेकिन उनके साथ धोखा हुआ है। इसी वजह से उन्होंने फिल्म से अलग होने का फैसला कर लिया है। उन्होंने बताया कि शुरुआत में उन्होंने निर्माताओं से बात नहीं की थी, लेकिन अब वो उनसे सीधे जवाब मांगेंगे। उनके अनुसार, जिस तरह उन्हें स्थिति में डाला गया, वो उनकी कल्पना से परे था और उनका भरोसा तोड़ा गया है।

Advertisement