Loading...
सलमान खान ने ली ट्रोल्स की चुटकी- उन्हीं की वजह से मिले साढ़े 8 करोड़ व्यूज
ट्रोल्स पर सलमान खान का मजेदार तंज

सलमान खान ने ली ट्रोल्स की चुटकी- उन्हीं की वजह से मिले साढ़े 8 करोड़ व्यूज

Nov 21, 2026
10:31 am

क्या है खबर?

सलमान खान ने अपनी आगामी फिल्म 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' के ट्रेलर की आलोचना करने वालों को मजेदार अंदाज में जवाब दिया है। हैदराबाद में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने ट्रोल्स का शुक्रिया अदा किया। सलमान ने कहा कि आलोचना करने वालों ने ट्रेलर को बार-बार देखा, जिससे इसे महज तीन दिनों में साढ़े 8 करोड़ व्यूज मिल गए। उन्होंने ट्रेलर की लंबाई और VFX पर हो रही आलोचनाओं पर भी तंज कसा।

तंज

ट्रोल करने के लिए 12-15 बार देखा ट्रेलर- सलमान

सलमान बोले, "140 करोड़ की आबादी में आपको हमेशा 300-400 ऐसे लोग मिल ही जाएंगे, जो ट्रोल करेंगे। खास बात यह है कि इन लोगों ने सिर्फ ट्रोल करने के लिए इस 4 से 5 मिनट के ट्रेलर को करीब 12-15 बार जरूर देखा होगा। पहले दो-तीन दिनों तक इसकी खूब तारीफ हो रही थी। फिर ट्रोल कम्युनिटी जागी और कहने लगी कि ट्रेलर बहुत लंबा है।"

आगे उन्होंने व्यूज की गिनती बढ़ाने के लिए ट्रोल्स का आभार भी जताया।

पलटवार

हर ट्रेलर को 15-20 बार देखते रहें- सलमान

सलमान ने आगे कहा, "हर चीज पर कमेंट करना ठीक है। ये अच्छी बात है। उन्होंने इसे 15-20 बार देखा। उन्हीं की वजह से हमारे ट्रेलर ने 3 दिनों में साढ़े 8 करोड़ व्यूज का आंकड़ा पार किया है, इसलिए मैं उनका शुक्रिया अदा करता हूं। कृपया हर ट्रेलर को इसी तरह 15-20 बार देखते रहें।"

अभिनेता यहीं नहीं रुके। उन्होंने आगे कहा कि लोग प्रमोशनल वीडियो से नतीजा निकालने के बजाय पूरी फिल्म के रिलीज होने का इंतजार करें।

ADVERTISEMENT

जवाब

"पूरी फिल्म 4 दिसंबर को दिखाऊंगा"

सलमान बोले, "आपका जो भी नजरिया है, आप ट्रेलर के बारे में जो भी कहना चाहते हैं, कहते रहिए, 'ट्रेलर बहुत लंबा है, इन्होंने पूरी फिल्म दिखा दी है।' नहीं भाई, मैं आपको पूरी फिल्म 4 दिसंबर को दिखाऊंगा। आपने तो कवर देखकर ही किताब का अंदाजा लगा लिया। आपने 5 मिनट के ट्रेलर में आलोचना करने के लिए इतने सारे पॉइंट्स ढूंढ लिए। अब ढाई घंटे की फिल्म में आप पॉइंट्स ढूंढने के लिए इसे कितनी बार देखेंगे?"

ADVERTISEMENT

गुस्सा

ये लोग कौन हैं, क्या AI या VFX विशेषज्ञ हैं?- सलमान

सलमान ने कहा, "हम देश के जवानों और उनके परिवारों पर 'मातृभूमि' बना रहे हैं, लेकिन आप लोग उस पर ध्यान देने के बजाय सिर्फ VFX और AI की बात कर रहे हैं। ये लोग कौन हैं? क्या ये AI या VFX विशेषज्ञ हैं, जो कहते हैं कि यहां सलमान खुद जैसा नहीं लग रहा? आप जवानों की भावनाओं, उनके दर्द और सीमा पर उनके परिवारों के संघर्ष पर ध्यान मत दीजिए, बस AI और VFX ही चेक करते रहिए।"

ADVERTISEMENT