'मातृभूमि': सलमान खान की टीम ने मीडिया को दी हिदायत- बिना पड़ताल के न चलाओ खबरें
क्या है खबर?
सलमान खान फिल्म्स (SKF) के बैनर तले बन रही बहुप्रतीक्षित फिल्म 'मातृभूमि' को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही सेंसर बोर्ड (CBFC) विवाद की खबरों पर मेकर्स ने पूरी तरह विराम लगा दिया है। प्रोडक्शन हाउस ने एक आधिकारिक बयान जारी कर इन सभी दावों को 'पूरी तरह बेबुनियाद' और झूठा बताया है। निर्माताओं का कहना है कि फिल्म को अभी तक सेंसर बोर्ड के पास भेजा ही नहीं गया है।
चर्चा
सेंसर बोर्ड के पेंच में फंसी सलमान खान की 'मातृभूमि'?
सलमान खान की 'मातृभूमि' का फैंस लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं। फिल्म अप्रैल में रिलीज होने वाली थी, लेकिन इसे टाल दिया गया। निर्माताओं ने अब तक नई रिलीज तारीख की घोषणा नहीं की है। इस बीच मीडिया रिपोर्ट्स में फिल्म को लेकर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं। हाल ही में एक रिपोर्ट में कहा गया कि फिल्म को CBFC से मंजूरी मिलने में दिक्कत आ रही है और इसके सर्टिफिकेशन पर फिलहाल रोक लगी हुई है।
स्पष्टीकारण
'सेंसर बोर्ड का कोई विवाद नहीं'
हालांकि, अब निर्माताओं ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर इन खबरों का खंडन किया है। प्रोडक्शन हाउस ने अपने बयान में कहा, "ऐसे सभी दावे पूरी तरह झूठे हैं, जिनमें कहा जा रहा है कि 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' को CBFC से मंजूरी मिलने में कोई दिक्कत आ रही है या इसके सर्टिफिकेशन को रोक दिया गया है। सच ये है कि फिल्म अभी तक सेंसर बोर्ड के पास सर्टिफिकेशन के लिए भेजी ही नहीं गई है।"
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए पोस्ट
Official Statement! pic.twitter.com/ewj5EoENGk
— Salman Khan Films (@SKFilmsOfficial) July 4, 2026
नसीहत
बिना पुष्टि के न चलाएं खबरें
बयान में कहा गया, "ऐसी सभी रिपोर्ट्स पूरी तरह से निराधार और बेबुनियाद हैं। हम मीडिया चैनलों और आम लोगों से अनुरोध करते हैं कि वे बिना पुष्टि की गई ऐसी झूठी खबरों को सोशल मीडिया पर न फैलाएं। फिल्म से जुड़ा जो भी आधिकारिक अपडेट होगा, उसे सलमान खान फिल्म्स (SKF) द्वारा केवल अपने आधिकारिक चैनल्स के जरिए ही साझा किया जाएगा।" उधर सलमान के फैंस की मांग है कि वो ये फिल्म OTT पर ही रिलीज कर दें।
कहानी
पर्दे पर दिखेगा लद्दाख की गलवान घाटी का वीर इतिहास
अपूर्व लाखिया के निर्देशन में बनी फिल्म 'मातृभूमि' का शुरुआती नाम 'बैटल ऑफ गलवान' था। इस फिल्म में मुख्य भूमिका में सलमान के साथ मशहूर अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह नजर आने वाली हैं। फिल्म साल 2020 में भारत और चीन के सैनिकों के बीच लद्दाख की गलवान घाटी में हुई हिंसक झड़प की सच्ची और ऐतिहासिक घटना पर आधारित है। फिल्म में भारतीय सेना के उन जांबाज जवानों की वीरता, शौर्य और उनके सर्वोच्च बलिदान की कहानी को दिखाया जाएगा।