सलमान खान ने CJP छात्र प्रदर्शन का किया समर्थन, बोले- यह विरोध करने का सही तरीका
क्या है खबर?
पिछले कुछ दिनों में कई बॉलीवुड सितारों ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के छात्र प्रदर्शन पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। सोमवार, 20 जुलाई को जंतर-मंतर से संसद तक निकाले गए मार्च के दौरान पुलिस द्वारा लाठीचार्ज और आंसू गैस के इस्तेमाल के बाद यह मुद्दा और गरमा गया। इसी बीच बुधवार को अभिनेता सलमान खान ने भी इस पूरे मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ी और सोशल मीडिया पर एक लंबा बयान साझा किया है।
बयान
पेपर लीक एक बहुत गंभीर मुद्दा है- सलमान
सलमान ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'यह एक बहुत ही शांतिपूर्ण आंदोलन था, यह देखकर बहुत दुख हुआ कि इसे हिंसक मोड़ लेना पड़ा। मेरा दिल उन छात्रों और उनके परिवारों के साथ है जो इसमें घायल हुए। पेपर लीक एक बहुत गंभीर मुद्दा है और मुझे यह जानकर खुशी है कि हमारे देश के बच्चे एक बेहतर शिक्षा प्रणाली के लिए एकजुट हुए हैं और उनके माता-पिता ने उनका समर्थन किया है।'
बयान
यह आंदोलन, यह विरोध करने का तरीका सही है- सलमान
उन्होंने आगे कहा, 'मैं उनके इस कदम की सच में सराहना करता हूं, जिसमें उनकी मेहनत, ईमानदारी और पढ़ाई के प्रति लगन साफ दिखती है, ताकि वे अपना भविष्य और एक बेहतर, शिक्षित भारत बना सकें। यह आंदोलन, यह विरोध करने का तरीका सही है और छात्रों ने इसे शांतिपूर्ण तरीके से किया है। वे बहुत साहसी और बहादुर हैं। शिक्षा के प्रति प्रेरित और समर्पित यह पीढ़ी भारत को गर्व महसूस कराएगी।'
बयान
इसे राजनीतिक रूप नहीं दिया जाना चाहिए- सलमान
सलमान ने कहा, 'यह मुद्दा छात्रों और शिक्षा प्रणाली के बीच का है, इसे राजनीतिक रूप नहीं दिया जाना चाहिए। इसका श्रेय सिर्फ हमारे देश के छात्रों को ही मिलना चाहिए, और मुझे यकीन है कि सरकार भी उन्हें पूरा सहयोग देगी और शिक्षा प्रणाली को और मजबूत बनाएगी। यह एक जीत-जीत की स्थिति है। एक सकारात्मक निर्णय की उम्मीद और प्रार्थना करता हूं। जो भी शिक्षित होना चाहते हैं, भगवान आप सबका भला करे।'
बयान
"शिक्षा अगला ट्रेंड और फैशन बनना चाहिए"
सलमान ने कहा कि शिक्षा अगला ट्रेंड और फैशन बनना चाहिए, और हर साल यह और ज्यादा ट्रेंडी और फैशनेबल बनती जानी चाहिए। इतना कि बाहर से लोग भारत पढ़ने आएं और भारत एक शिक्षा का केंद्र बन जाए।
इस बयान के साथ ही इंस्टाग्राम पर सलमान ने अपनी स्कूल के दिनों की एक तस्वीर भी साझा की है जिसमें वे अपनी स्कूल की वर्दी में नजर आ रहे हैं।
CJP ने सलमान को इस पर धन्यवाद दिया है।
ट्विटर पोस्ट
सलमान खान ने CJP छात्र प्रदर्शन पर किया पोस्ट
It was such a peaceful movement, feel so sad that it had to take a violent turn. My heart goes out to the students and their families who were hurt. Paper leak is a very serious issue, and I am glad to know n see that the kids of our country have come together for a better…
— Salman Khan (@BeingSalmanKhan) July 22, 2026
प्रदर्शन
20 जुलाई को क्या हुआ?
NEET 2026 की परीक्षा लीक होने के बाद से छात्र दिल्ली जंतर-मंतर पर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
20 जुलाई को CJP ने संसद मार्च का आह्वान किया था। इस दौरान हजारों युवा संसद की ओर बढ़ने लगे, तो पुलिस ने उनकी झड़प हुई।
पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले दागे। कई वीडियो में सामने आए कि सादे कपड़ों में तैनात पुलिसकर्मियों ने छात्रों के साथ बर्बरता की।